बोधगया।मगध विश्वविद्यालय शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के तत्वावधान में आज कुलसचिव कार्यालय में छह सेवानिवृत्त कर्मचारियों का भावुक विदाई समारोह आयोजित किया गया। ये सभी कर्मचारी 31 जनवरी 2026 को विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त हुए हैं।विदाई समारोह में सम्मानित होने वाले कर्मचारी हैं: श्री प्रदीप कुमार निराला, श्री राज कपिल पाण्डेय, श्री राकेश कुमार त्रिपाठी, श्री सैयद महफजूल हक, श्री मुन्नी लाल, श्री ब्रजेश कुमार।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मगध विश्वविद्यालय के अध्यक्ष छात्र कल्याण डॉ. प्रमोद कुमार चौधरी और महाविद्यालय निरीक्षक (कला एवं वाणिज्य) डॉ. दीपक कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों में अध्यक्ष सुबोध कुमार, महासचिव दीपक कुमार, कोषाध्यक्ष विकास रंजन वर्णवाल, संयुक्त सचिव प्रमोद कुमार, कार्यकारिणी सदस्य दिलीप कुमार द्विवेदी, मो. नाजिम तथा अमीरक यादव ने सक्रिय भागीदारी की।
इस अवसर पर सैकड़ों शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और सेवानिवृत्त साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। संघ की ओर से सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह के रूप में बैग, शाल, माला और मिठाई भेंट की गई। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की गई।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा विश्वविद्यालय के विकास में दिए गए योगदान की सराहना की और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

