बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि केद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा वर्ष 2026–27 के लिए प्रस्तुत बजट में खेल क्षेत्र को लेकर की गई घोषणाएँ देश के साथ-साथ बिहार जैसे राज्यों के खिलाड़ियों के लिए भी उपयोगी है। बुनियादी ढांचे के विस्तार और जमीनी स्तर पर खेल विकास पर केंद्रित यह बजट युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सहायक साबित हो सकता है।
खेलो इंडिया मिशन के तहत खेल सामग्री और उपकरणों के निर्माण को प्रोत्साहन देने का निर्णय बिहार के क्रिकेटरों के हित में है। क्रिकेट से जुड़ी संसाधनों और प्रशिक्षण से जुड़ी सामग्री की उपलब्धता सुलभ होने से राज्य के युवा खिलाड़ियों को अभ्यास और तैयारी के बेहतर अवसर मिलेंगे। इससे बिहार में क्रिकेट गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
एसएमई सेक्टर के लिए किए गए बजटीय प्रावधान से खेल उपकरणों का घरेलू उत्पादन बढ़ेगा, जिसका सीधा लाभ राज्य स्तर तक पहुंचेगा। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन पहले से ही खिलाड़ियों को बेहतर मंच, नियमित प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है, और केंद्र सरकार की यह पहल उन प्रयासों को और प्रभावी बनाएगी।
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन का मानना है कि इन नीतिगत निर्णयों से राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों की बेहतर उपलब्धता के साथ अपने प्रदर्शन को आगे बढ़ा सकेंगे और बिहार क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती मिलेगी।

