सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी उम्र 38 साल थी।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजकर 55 मिनट पर प्रतीक यादव को अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। अब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसके बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
एक हफ्ते पहले भी हुए थे भर्ती
परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले भी प्रतीक यादव की तबीयत खराब हुई थी। उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत स्थिर होने के बाद उन्हें घर वापस लाया गया था। उस दौरान अखिलेश यादव और डिंपल यादव भी उनसे मिलने पहुंचे थे।
घर के किचन में मिले अचेत
सूत्रों के अनुसार, प्रतीक यादव घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद घर में मौजूद लोगों ने तुरंत अस्पताल को सूचना दी। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उनका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में लिया है और घर के लोगों से पूछताछ की जाएगी।
फिटनेस को लेकर रहते थे काफी सक्रिय
प्रतीक यादव राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद राजनीति से दूर रहते थे। वह फिटनेस को लेकर काफी जागरूक थे और अक्सर अपने फिटनेस वीडियो और तस्वीरें साझा करते रहते थे। वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए इसे बेहद दुखद घटना बताया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
साल 2012 में हुई थी हाई प्रोफाइल शादी
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव लंबे समय तक रिश्ते में रहने के बाद साल 2012 में विवाह बंधन में बंधे थे। उस समय यह प्रदेश की चर्चित शादियों में शामिल रही थी, जिसमें राजनीति और समाज जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुई थीं।

