By Malay Ojha | Published: 17 November 2026 at 05:45 PM
उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR)-2027 के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी होने के बाद सियासी घमासान शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हिंदू मतदाताओं के वोट कटने संबंधी आरोप और मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के धर्म आधारित आंकड़े उपलब्ध नहीं होने के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने बीजेपी पर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के वोट काटने की साजिश का आरोप लगाया है।
अखिलेश बोले- मुख्यमंत्री को 1.27 करोड़ वोट कटने की जानकारी कहां से मिली?
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें हिंदू मतदाताओं के वोट कटने की बात कही गई थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को किस दिव्य शक्ति से पता चला कि प्रदेश में 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोट कट गए हैं? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को ऐसी बातें करने से बचना चाहिए, जिनसे उनका उपहास उड़ता है।
सपा प्रमुख ने यह भी सवाल किया कि अगर कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ किस धारा में मुकदमा दर्ज किया जाता है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जनता के सामने इस मामले में जवाब देना चाहिए।
‘बीजेपी के लोग दूसरे राज्यों के नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाएंगे’
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी और उससे जुड़े कुछ ऐसे लोग, जो पंजीकृत नहीं हैं, मतदाता सूची में गड़बड़ी की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लोगों के नाम उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट में शामिल मिल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भी अपने स्तर पर इसकी जांच कराएगी। वोटर लिस्ट में नए नाम जुड़ना अच्छी बात है, लेकिन इसके पीछे किसी तरह की साजिश नहीं होनी चाहिए। अखिलेश ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग को लेकर पहले भी कई बार सवाल खड़े हो चुके हैं।
चुनाव आयोग पर भी साधा निशाना
सपा अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव आयोग के प्रति जनता का जो एक-दो प्रतिशत विश्वास बचा है, कहीं वह भी पूरी तरह खत्म न हो जाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहला जीरो चुनाव आयोग खुद लगा देगा और दूसरा जीरो दिल्ली वाले लगा देंगे, क्योंकि वे काफी समय से ऐसा करने की फिराक में हैं।
अखिलेश यादव ने बीजेपी नेताओं को ‘मिथ्या-आंकड़ाजीवी’ बताते हुए कहा कि पार्टी के नेता आंकड़ों के जरिए भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।
बंगाल का उदाहरण देकर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल समेत दूसरे राज्यों में मतदाता सूची से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले दावा किया गया कि कुछ लोगों के वोटर लिस्ट में नाम नहीं रह सकते, लेकिन बाद में सामने आया कि जिन नामों को हटाने की बात कही जा रही थी, वे नहीं हट पाए।
उन्होंने सवाल किया कि जिन मतदाताओं के नाम नहीं काटे जा सके, उनके बारे में बीजेपी के पास क्या जवाब है? उनके मुताबिक, मतदाता सूची को लेकर किए जा रहे दावों और वास्तविक स्थिति के बीच अंतर की जांच जरूरी है।
‘आखिरी दिन पता चलेगा वोटर लिस्ट में क्या खेल हुआ’
अखिलेश यादव ने कहा कि असली स्थिति उस दिन साफ होगी, जब अंतिम मतदाता सूची जारी होगी और लोग वोट डालने पहुंचेंगे। उन्होंने आशंका जताई कि राजनीतिक दलों को दी जाने वाली वोटर लिस्ट और मतदान केंद्रों पर पीठासीन अधिकारियों के पास उपलब्ध सूची में अंतर हो सकता है।
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी बड़े पैमाने पर PDA के वोट कटवाने की साजिश कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया पर नजर रखने और मतदाता सूची की जांच करने की जरूरत है।
17 नवंबर से शुरू हुई दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया
दरअसल, उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार (17 नवंबर) को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करने को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है।
उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी तरह की गलती को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान नवदीप रिणवा ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के पास मतदाताओं के धर्म से संबंधित आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के इसी बयान के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हिंदू मतदाताओं के वोट कटने संबंधी दावे और अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया को लेकर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

