By Malay Ojha | Published: 12 November 2026 at 09:39 PM
अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस से कुछ ही दूरी पर हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। लोगन सर्कल इलाके में एक बंदूकधारी ने जिम के अंदर घुसकर फायरिंग कर दी। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। आसपास के स्कूलों में भी लॉकडाउन लागू कर दिया गया।
जिम में घुसा बंदूकधारी, सदस्य को पीठ में मारी गोली
NBC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर 15वीं और पी स्ट्रीट NW के पास स्थित VIDA Fitness जिम में दाखिल हुआ था। उसने वहां मौजूद एक सदस्य की पीठ में गोली मार दी और इसके बाद मौके से बाहर निकल गया। गोलीबारी के बाद जिम में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया।
सड़क पर भी चलीं गोलियां, पांच लोग हुए शिकार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिम के अंदर फायरिंग के बाद सड़क पर भी गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। पुलिस ने पुष्टि की है कि 15वीं और पी स्ट्रीट NW के आसपास कई लोगों को गोली लगी है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार घायलों को अलग-अलग हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
ट्रेडमिल पर मौजूद महिला ने बताई आंखों देखी घटना
घटना के समय जिम में मौजूद एक महिला ट्रेडमिल पर व्यायाम कर रही थी। उसने बताया कि गोलीबारी के दौरान उसने एक घायल व्यक्ति को जिम की बिल्डिंग से बाहर भागते हुए देखा। महिला के मुताबिक, वह दृश्य बेहद डरावना था। गोली लगने के बावजूद व्यक्ति बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था और वहां से बाहर जाने का रास्ता भी उसी जगह से होकर था।
महिला ने बताया कि जब वह एक पुलिस अधिकारी से बात करने के लिए रुकी, उसी दौरान उसे दोबारा गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई।
पुलिस ने घेरा पूरा इलाका, स्कूलों में लॉकडाउन
गोलीबारी के बाद पुलिस ने लोगों से 15वीं स्ट्रीट के 1500 ब्लॉक की ओर नहीं जाने की अपील की। इस इलाके में VIDA Fitness सेंटर के अलावा सेंट ल्यूक एपिस्कोपल चर्च और कई आवासीय इमारतें हैं। यहां से होल फूड्स सुपरमार्केट भी नजदीक है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की सड़कों को बंद कर दिया और बड़े स्तर पर सुरक्षा अभियान चलाया। आसपास के स्कूलों को एहतियातन लॉकडाउन कर दिया गया, ताकि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां
घटना की गंभीरता को देखते हुए फेडरल ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स (ATF) ने भी अपने एजेंट मौके पर भेजे। एजेंसी ने स्थानीय पुलिस की मदद के लिए अपनी टीम तैनात की है। फिलहाल पुलिस गोलीबारी के कारणों और हमलावर से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

