By Malay Ojha | Published: 13 November 2026 at 10:02 AM
छठ महापर्व पर दिल्ली से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहार के दौरान घर लौटने वालों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर 77 अंतरराज्यीय बसों का संचालन शुरू किया है। इन बसों में यात्रियों को सामान्य किराये के मुकाबले 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की छूट मिल रही है। इस व्यवस्था से बिहार के साथ पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
पांच डिवीजनों के लिए शुरू हुईं 77 बसें
पहले चरण में ये बसें बिहार के पांच प्रमुख डिवीजनों के लिए चलाई जा रही हैं। इनमें मुजफ्फरपुर के लिए सबसे ज्यादा 36 बसें निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए छह बसें चलाई जा रही हैं। इन बसों का संचालन दिल्ली के आनंद विहार बस टर्मिनल से किया जा रहा है।
एसी और नॉन-एसी बसों में भी मिलेगी छूट
यात्रियों की सुविधा के लिए नॉन-एसी सीटर, नॉन-एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर श्रेणियों में बसें उपलब्ध कराई गई हैं। दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, बस की श्रेणी और यात्रा के रूट के हिसाब से किराये में छूट दी जा रही है। उदाहरण के तौर पर पटना-दिल्ली रूट पर नॉन-एसी सीटर का किराया 1,615 रुपये से घटाकर 1,221 रुपये और एसी सीटर का किराया 1,980 रुपये से घटाकर 1,361 रुपये किया गया है।
18 रूट से जुड़ेंगे बिहार के प्रमुख शहर
दिल्ली और बिहार के बीच हुए परिवहन समझौते के तहत 18 अंतरराज्यीय रूट तय किए गए हैं। इन रूटों के जरिए पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, बक्सर, नवादा, मधुबनी और बिहारशरीफ जैसे शहरों को दिल्ली से जोड़ने की योजना है। इन बसों के रूट में उत्तर प्रदेश के नोएडा, आगरा, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर और वाराणसी जैसे शहर भी शामिल हैं।
दूसरे राज्य में भी मान्य होगा बस टिकट
दोनों राज्यों के बीच हुए समझौते में यात्रियों के टिकट को लेकर भी व्यवस्था की गई है। इसके तहत एक राज्य में जारी टिकट दूसरे राज्य की सीमा में भी मान्य होगा। समझौते के मुताबिक, निर्धारित शर्तें पूरी होने पर दूसरे राज्य में अतिरिक्त विशेष सड़क कर, मोटर वाहन कर या यात्री कर नहीं लगाया जाएगा। यह समझौता 10 साल तक प्रभावी रहेगा। आपसी सहमति से इसकी अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
दिल्ली से आज चलेंगी 24 स्पेशल ट्रेनें
बसों के अलावा भारतीय रेलवे ने भी छठ पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। उत्तर रेलवे के अनुसार, शुक्रवार 13 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग रेलवे स्टेशनों से 24 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नौ, आनंद विहार टर्मिनल से सात और शकूरबस्ती से पांच ट्रेनें रवाना होंगी।
इन स्टेशनों से भी चलेंगी ट्रेनें
इसके अलावा हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली जंक्शन और रोहतक स्टेशन से एक-एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। रेलवे यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रख रहा है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा सकती हैं। रेलवे और बसों की इस संयुक्त व्यवस्था से छठ पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

