By Malay Ojha | Published: 19 November 2026 at 02:46 PM
सैफ अली खान को धमकी मिलने के मामले में मुंबई पुलिस की जांच शुरू हो गई है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है। मुंबई पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जीशान अख्तर ने ही अभिनेता सैफ अली खान को धमकी दी है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और धमकी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
बॉलीवुड के कई बड़े सितारों को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। अमिताभ बच्चन, तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना के बाद अब सैफ अली खान का नाम भी इस कड़ी में जुड़ गया है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस धमकी का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड से जुड़ा जीशान अख्तर का नाम
मुंबई पुलिस सूत्रों के अनुसार, सैफ अली खान को धमकी देने के मामले में जिस जीशान अख्तर का नाम सामने आया है, वह बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांटेड है। इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनमोल बिश्नोई, जीशान अख्तर और शुभम लोंकर की तलाश की जा रही है। ऐसे में सैफ को मिली धमकी के बाद पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है।
पुलिस को शक, किसी ने जीशान के नाम का इस्तेमाल तो नहीं किया?
हालांकि, पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर पाई है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर ने ही दी है या किसी दूसरे व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है। जांच में इस पहलू को भी शामिल किया गया है। इससे पहले तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकियां मिली थीं। उन मामलों में बेंगलुरु के रहने वाले 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, उसका किसी आपराधिक गैंग से संबंध नहीं था और उसने कथित तौर पर AI की मदद से धमकियां दी थीं।
बाबा सिद्दीकी की हत्या से बॉलीवुड में मचा था हड़कंप
बाबा सिद्दीकी की फिल्मी सितारों के बीच अच्छी पकड़ थी। उनकी सालाना इफ्तार पार्टी में सलमान खान, शाहरुख खान समेत बॉलीवुड और टीवी जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होती थीं। 12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर उन पर हमला हुआ था। रात करीब 9:30 बजे हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गंभीर हालत में उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सलमान खान से लेकर टाइगर श्रॉफ तक निशाने पर रहे सितारे
बॉलीवुड में धमकी और हमलों का मामला नया नहीं है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से अभिनेता सलमान खान को कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उनके बांद्रा स्थित घर के बाहर फायरिंग की घटना भी हुई थी। इसके अलावा निर्देशक रोहित शेट्टी के घर और कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
हाल ही में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले ने भी फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी थी। मुंबई में एक फुटबॉल ग्राउंड से निकलते समय उनकी गाड़ी पर फायरिंग की गई थी। इस घटना में टाइगर बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और वहां मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
अमिताभ बच्चन और आमिर खान के घर की भी हुई थी रेकी
धमकियों के मामलों में अमिताभ बच्चन और आयुष्मान खुराना जैसे सितारों के नाम भी सामने आ चुके हैं। अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई थी। वहीं, आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर से फिरौती मांगने की धमकी दी गई थी।
टाइगर श्रॉफ पर हमले की जांच के दौरान आमिर खान के घर की रेकी किए जाने की बात भी सामने आई थी। इसके अलावा रणवीर सिंह और अक्षय कुमार को भी संभावित निशाने पर होने की खबरें आई थीं। इन घटनाओं के बाद मुंबई पुलिस और फिल्मी सितारों की निजी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
पिछले साल घर में घुसकर सैफ अली खान पर हुआ था हमला
सैफ अली खान खुद भी पिछले साल एक गंभीर हमले का शिकार हो चुके हैं। जनवरी 2025 में एक आरोपी चोरी के इरादे से उनके बांद्रा स्थित घर में घुस गया था। रात करीब दो बजे हुई हाथापाई के दौरान आरोपी ने सैफ पर चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गया। घायल अभिनेता को ऑटो रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया गया था। बाद में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
अब एक बार फिर सैफ को धमकी मिलने से उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। मुंबई पुलिस इस मामले में जीशान अख्तर की भूमिका और धमकी देने वाले की असली पहचान का पता लगाने में जुटी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

