By Malay Ojha | Published: 19 November 2026 at 07:06 PM
देव दीपावली से पहले वाराणसी का नमो घाट चार दिनों तक संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार रहेगा। यहां 20 से 23 नवंबर तक काशी गंगा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में देश के नामचीन कलाकार शास्त्रीय संगीत, भजन, लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। खास बात यह है कि इस बार पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ पेश करने की भी तैयारी है।
नमो घाट पर चार दिन सजेगी संगीत की महफिल
मंडलायुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने कमिश्नरी सभागार में पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में काशी की सांस्कृतिक पहचान को देश और दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव में स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत के साथ कथक, भरतनाट्यम और ओडिसी नृत्य की प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
भजनों पर इलेक्ट्रॉनिक बीट्स का नया अंदाज
20 नवंबर को डमरू और शंख वादन के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। इसके बाद राघव-प्राची की ‘काशी भजन क्लबिंग’ प्रस्तुति होगी। इसमें पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ नए अंदाज में पेश किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि इस प्रयोग से युवा पीढ़ी को भक्ति संगीत से जोड़ने में मदद मिलेगी।
कल्पना पटवारी और शिवनाथ मिश्र भी करेंगे प्रस्तुति
21 नवंबर को गायन और कथक की प्रस्तुतियां होंगी। वहीं, 22 नवंबर को लोक गायिका कल्पना पटवारी भोजपुरी और लोकगीतों के जरिए दर्शकों को लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगी।
23 नवंबर को पद्मश्री पंडित शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अंतिम दिन भजन गायक कुमार सत्यम की प्रस्तुति के साथ चार दिवसीय महोत्सव का समापन होगा।
नई पीढ़ी को काशी की संस्कृति से जोड़ने की पहल
मंडलायुक्त के मुताबिक, काशी गंगा महोत्सव में परंपरा और आधुनिकता दोनों की झलक देखने को मिलेगी। इसका उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच देना और नई पीढ़ी को काशी की समृद्ध संगीत एवं कला परंपरा से जोड़ना भी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

