By Malay Ojha | Published: 19 November 2026 at 11:42 AM
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान पर लग रहे नशे के आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने विपक्ष पर पलटवार किया है। उन्होंने इन आरोपों को दुनिया का सबसे बड़ा झूठ बताते हुए कहा कि भगवंत मान के नशा करने की बात पूरी तरह बेबुनियाद है। सिसोदिया ने इस दौरान शराब पीने और ड्रग्स लेने के बीच अंतर भी समझाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर गुजरात में शराब को लेकर सवाल उठाए।
भगवंत मान के बचाव में खुलकर उतरे सिसोदिया
TV9 नेटवर्क के ‘सत्ता सम्मेलन-पंजाब’ में पहुंचे मनीष सिसोदिया से जब मुख्यमंत्री भगवंत मान पर नशा करने के आरोपों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा। सिसोदिया ने कहा कि भगवंत मान के नशा करने की बात दुनिया का सबसे बड़ा झूठ है। इससे बड़ा झूठ कुछ नहीं हो सकता।
उन्होंने कहा कि शराब पीना और ड्रग्स का नशा करना दो अलग-अलग बातें हैं। शराब पीने को नशा करने के बराबर कैसे माना जा सकता है? इस दौरान उन्होंने गुजरात का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी टिप्पणी की। सिसोदिया ने कहा कि गुजरात में मोदी जी खुद लाइसेंस देकर लोगों को शराब पिलाते हैं।
क्या पंजाब की सरकार चला रहे हैं सिसोदिया और सत्येंद्र जैन?
कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया से यह भी पूछा गया कि क्या वह और सत्येंद्र जैन पंजाब सरकार चला रहे हैं और दोनों को सुपर सीएम कहा जा सकता है? इस सवाल पर सिसोदिया ने अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि वह जो भी करते हैं, पर्दे के सामने करते हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें पंजाब में संगठन की जिम्मेदारी दी है। वहां आम आदमी पार्टी का मजबूत संगठन काम कर रहा है और उसी संगठन से निकली सरकार भी बेहतर काम कर रही है। सिसोदिया के मुताबिक, पंजाब के मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक अपनी जिम्मेदारियां अच्छी तरह निभा रहे हैं।
10 लाख का बीमा और महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये का जिक्र
भगवंत मान सरकार के कामकाज का बचाव करते हुए सिसोदिया ने स्कूलों, स्वास्थ्य सुविधाओं और महिलाओं को आर्थिक मदद देने के फैसलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बच्चों के लिए स्कूल खोल रही है और लोगों को बेहतर सुविधाएं देने पर काम कर रही है।
सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार ने 10 लाख रुपये तक के बीमा और महिलाओं के खातों में हर महीने 1,000 रुपये देने का फैसला किया है। उन्होंने दावा किया कि पहले विपक्ष इन मुद्दों का मजाक उड़ाता था, लेकिन अब भगवंत मान सरकार ने इन वादों को पूरा करके दिखाया है।
विपक्ष पर लगाया भगवंत मान की छवि खराब करने का आरोप
सिसोदिया ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के कामकाज का जवाब देने के बजाय मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि 2022 में जिन मुद्दों को लेकर विपक्ष आम आदमी पार्टी का मजाक उड़ाता था, आज सरकार ने उन पर काम करके दिखाया है।
उन्होंने कहा, ‘पंजाब के इतिहास में कभी किसी ने इतना काम नहीं किया। अब विपक्ष के पास कुछ नहीं बचा तो सुबह से शाम तक एक व्यक्ति का कैरेक्टर असैसिनेशन किया जा रहा है।’
पंजाब के स्कूलों और किसानों को लेकर किया बड़ा दावा
पंजाब प्रभारी ने कहा कि राज्य की जनता ने आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताया है और अब उनकी जिम्मेदारी है कि सरकार अपने वादों पर कितनी खरी उतर रही है, इस पर नजर रखें।
सिसोदिया ने दावा किया कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पंजाब के स्कूलों की स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है। उनके मुताबिक, स्कूल शिक्षा के मामले में पंजाब 27वें स्थान से देश में पहले नंबर पर पहुंच गया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि अब पंजाब के गांवों में किसानों को दिन के समय बिजली मिल रही है।
अगले साल के चुनाव से पहले तेज हुई सियासी बयानबाजी
पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। आम आदमी पार्टी सरकार अपने कामकाज को चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी में है, जबकि विपक्ष मुख्यमंत्री भगवंत मान और सरकार को लगातार घेर रहा है। ऐसे में मनीष सिसोदिया का यह बयान चुनाव से पहले पंजाब की सियासत में नई बहस छेड़ सकता है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

