By Malay Ojha | Published: 07 November 2026 at 01:40 PM
अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर को हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी एजेंसियों ने यह कार्रवाई की। हैरी बॉक्सर पर भारत में हत्या, रंगदारी और धमकी देने समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग के बाद भी उसने सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को धमकाया था।
कैलिफोर्निया में अमेरिकी एजेंसी ने की कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) एजेंसी के अधिकारियों ने हैरी बॉक्सर को कैलिफोर्निया से हिरासत में लिया है। वह अमेरिका में रहकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की गतिविधियों को संचालित कर रहा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसके बारे में अमेरिकी एजेंसियों को लगातार इनपुट दे रही थी। इसी जानकारी के आधार पर उसकी तलाश की गई और उसे हिरासत में लिया गया।
रोहित शेट्टी के घर फायरिंग के बाद दी थी धमकी
हैरी बॉक्सर का नाम उस समय भी चर्चा में आया था, जब 1 फरवरी 2026 की देर रात मुंबई के जुहू स्थित फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग हुई थी। हमलावरों ने शेट्टी टावर के बाहर कई राउंड गोलियां चलाई थीं। घटना के समय रोहित शेट्टी अपने घर में मौजूद थे। हालांकि, इस हमले में किसी के घायल होने की खबर नहीं आई थी।
सोशल मीडिया पोस्ट से ली थी हमले की जिम्मेदारी
फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई थी। इसमें शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरि बॉक्सर और हरमन संधू के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। पोस्ट में रोहित शेट्टी को पहले भी चेतावनी दिए जाने और उसे नजरअंदाज करने की बात कही गई थी। इसके बाद हैरी बॉक्सर ने ऑडियो संदेशों और सोशल मीडिया के जरिए बॉलीवुड से जुड़े लोगों को भी धमकियां दी थीं।
कौन है हैरी बॉक्सर?
हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसूर इलाके का रहने वाला है। शुरुआती दौर में उसने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की थी और बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया। जयपुर में रहते हुए उसने बॉक्सिंग सीखी थी। इसी वजह से उसे बॉक्सर नाम से पहचान मिली। बाद में वह अपराध की दुनिया में आ गया और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ गया।
पहले भी अमेरिका में पकड़े जा चुके हैं गैंग के गुर्गे
हैरी बॉक्सर से पहले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया को भी अमेरिका में हिरासत में लिया जा चुका है। इन दोनों पर भी भारत में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। भारतीय एजेंसियां विदेश में बैठकर देश में आपराधिक गतिविधियां संचालित करने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही हैं। अमेरिका और यूरोप समेत दूसरे देशों में छिपे ऐसे अपराधियों तक पहुंचने के लिए भारतीय एजेंसियां विदेशी सुरक्षा एजेंसियों के साथ सूचनाएं साझा कर रही हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

