By Malay Ojha | Published: 07 November 2026 at 01:18 PM
छठ महापर्व के रंग में रंगने के लिए भोजपुरी सिनेमा भी तैयार है। इसी कड़ी में भोजपुरी फिल्म ‘हे छठी मईया हमार मनसा पुरइहऽ 2’ का ट्रेलर दिवाली के मौके पर रिलीज कर दिया गया है। एडवाइज भोजपुरी के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जारी हुए 3 मिनट 12 सेकंड के इस ट्रेलर में छठी मईया की भक्ति के साथ पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं और मनोरंजन का संगम देखने को मिल रहा है। ट्रेलर सामने आने के बाद से ही फिल्म को लेकर भोजपुरी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।
छठ की आस्था और पारिवारिक रिश्तों की कहानी
फिल्म की कहानी में छठ महापर्व की धार्मिक मान्यताओं और उससे जुड़ी पारिवारिक भावनाओं को प्रमुखता दी गई है। ट्रेलर में पूजा-पाठ, पारिवारिक रिश्तों और छठी मईया के प्रति लोगों की अटूट आस्था की झलक दिखाई गई है। फिल्म को खास तौर पर छठ स्पेशल के रूप में तैयार किया गया है, ताकि बिहार और पूर्वांचल के दर्शक पर्व से जुड़ी भावनाओं को पर्दे पर महसूस कर सकें।
विक्रांत सिंह राजपूत और मणि भट्टाचार्य की मुख्य भूमिका
फिल्म में विक्रांत सिंह राजपूत और मणि भट्टाचार्य मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ श्रद्धा नवल, प्रेम दुबे, भोपी सिंह, स्वीटी सिंह राजपूत और रूपा सिंह भी अहम किरदार निभा रहे हैं। वहीं, अभिनेत्री यामिनी सिंह गेस्ट अपीयरेंस में दिखाई देंगी।
छठ महापर्व को लेकर विक्रांत ने कही यह बात
फिल्म को लेकर अभिनेता विक्रांत सिंह राजपूत का कहना है कि छठ महापर्व बिहार और पूर्वांचल के लोगों की जिंदगी और आस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है। फिल्म के जरिए छठ पूजा की परंपराओं, धार्मिक भावनाओं और पारिवारिक मूल्यों को पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छठ स्पेशल के तौर पर तैयार इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा।
अजित कुमार के निर्देशन में बनी है फिल्म
‘हे छठी मईया हमार मनसा पुरइहऽ 2’ का निर्देशन अजित कुमार ने किया है। फिल्म की कहानी और लेखन की जिम्मेदारी प्राण नाथ ने संभाली है। इसके सह-निर्माता अथर्व नाहर और कार्यकारी निर्माता शिवम सिंह हैं। फिल्म का संगीत ओम झा ने तैयार किया है, जबकि इसके गीत प्यारे लाल यादव (कवि जी) ने लिखे हैं।
सह-निर्माता अथर्व नाहर के मुताबिक, इस फिल्म को बनाने का मकसद छठ महापर्व की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को भोजपुरी सिनेमा के जरिए लोगों तक पहुंचाना है। छठ बिहार और पूर्वांचल के लोगों के दिलों से जुड़ा पर्व है। ऐसे में फिल्म के माध्यम से छठी मईया की भक्ति और इस महापर्व की खूबसूरती को दर्शकों के सामने लाने की कोशिश की गई है।
ट्रेलर के बाद फिल्म का इंतजार
दिवाली पर ट्रेलर रिलीज होने के बाद अब दर्शकों को फिल्म का इंतजार है। भक्ति, पारिवारिक भावनाओं और मनोरंजन को साथ लेकर आई यह फिल्म छठ महापर्व के अवसर पर भोजपुरी दर्शकों के लिए खास पेशकश हो सकती है। फिल्म के पीआरओ रंजन सिन्हा हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

