By Malay Ojha | Published: 18 November 2026 at 04:38 PM
ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान बदरीविशाल की नियमित पूजा-अर्चना अब अगले छह महीने तक ज्योतिर्मठ स्थित श्री नरसिंह मंदिर में होगी। इसी क्रम में बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य की पावन गद्दी और भगवान गरुड़ की प्रतिमा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री नरसिंह मंदिर परिसर पहुंची। यहां स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और मंगल ध्वनि के साथ डोली का स्वागत किया।
नरसिंह मंदिर में शुरू हुई शीतकालीन पूजा
शीतकालीन पूजा की शुरुआत के अवसर पर ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज भी शुभ मुहूर्त में श्री नरसिंह मंदिर पहुंचे। उन्होंने वैदिक परंपरा के अनुसार पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान और मंत्रोच्चार से माहौल भक्तिमय बना रहा।
1000 रोट भगवान बदरीविशाल को किए समर्पित
इस अवसर पर ज्योतिर्मठ की महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ 1,000 रोट तैयार किए थे। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने श्री विष्णु सहस्रनाम के पाठ के साथ इन रोट को भगवान बदरीविशाल के श्रीचरणों में अर्पित किया। धार्मिक परंपरा के अनुसार यह आयोजन विशेष महत्व रखता है।
मंदिर परिसर के सभी देवस्थानों में किए दर्शन
पूजन के बाद शंकराचार्य ने श्री नरसिंह मंदिर परिसर में स्थापित विभिन्न देवस्थानों में दर्शन किए। उन्होंने भगवान गरुड़, श्री गणेश, सूर्यदेव, माता महाकाली, भगवान शिव, भैरव जी, मां नवदुर्गा, गौरी-शंकर, भगवान वासुदेव, क्षेत्रपाल भैरव, तिमुंडिया वीर और हनुमान जी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना की।
इसके बाद वह आदि गुरु शंकराचार्य की पावन गद्दी के पास पहुंचे। यहां गद्दी का पूजन करने के बाद उन्होंने स्तुति का गान किया। इस दौरान अद्वैत वेदांत के सिद्धांत ‘ब्रह्म सत्यं जगन्मिथ्या’ का स्मरण किया गया। इस सिद्धांत के अनुसार ब्रह्म को परम सत्य और संसार को मिथ्या माना गया है।
श्रद्धालुओं को वितरित किया प्रसाद
मां महालक्ष्मी की पूजा के बाद श्री बदरीविशाल के शीतकालीन पूजा स्थल श्री नरसिंह मंदिर में सामूहिक आरती और पूजा-अर्चना हुई। अनुष्ठान संपन्न होने के बाद शंकराचार्य ने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और वहां मौजूद श्रद्धालुओं को अपने हाथों से प्रसाद वितरित किया।
छह महीने तक नरसिंह मंदिर में होगी पूजा
इस धार्मिक आयोजन में मंदिर समिति के प्रभारी राजेंद्र सेमवाल, आचार्य कुशलानंद बहुगुणा, आचार्य सुशील डिमरी, रामप्रसाद थपलियाल, नरसिंह मंदिर महिला मंगल दल की सदस्याओं समेत बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंदिर समिति के प्रभारी ने शंकराचार्य का स्वागत और अभिनंदन किया।
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब आगामी छह महीने तक भगवान बदरीविशाल की शीतकालीन नित्य पूजा-ज्योतिर्मठ के श्री नरसिंह मंदिर परिसर में नियमित रूप से संपन्न होगी। इस दौरान श्रद्धालु यहीं भगवान की पूजा-अर्चना और दर्शन कर सकेंगे।
इस संबंध में जानकारी शंकराचार्य के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने दी।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

