By Malay Ojha | Published: 24 November 2026 at 11:12 PM
समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पहली सूची में पार्टी ने पांच प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है। इसमें चार मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया गया है, जबकि एक नए चेहरे को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
हालांकि, इस सूची में सहारनपुर की सीट खास चर्चा में है। यहां से आशु मलिक को टिकट दिया गया है। सहारनपुर को कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का प्रभाव वाला क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में सपा के इस फैसले को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
इन पांच सीटों पर घोषित किए उम्मीदवार
सपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक, बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान, सहारनपुर से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया गया है।
चार मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट दिया गया है, जबकि ललितपुर से ज्योति लोधी को नया चेहरा बनाकर चुनावी मैदान में उतारा गया है। विधानसभा चुनाव से काफी पहले उम्मीदवारों के नाम घोषित करने के फैसले को सपा की चुनावी तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की चर्चा के बीच ऐलान
सपा ने यह सूची ऐसे समय जारी की है, जब उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा के बाद गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो सकती हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

