By Malay Ojha | Published: 23 November 2026 at 11:08 AM
केरल में चेहरे को खूबसूरत बनाने वाली एक ब्यूटी क्रीम के इस्तेमाल से 17 साल की लड़की की किडनी खराब होने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि लड़की जिस क्रीम का इस्तेमाल कर रही थी, उसमें पारे (Mercury) की मात्रा काफी ज्यादा थी। इस मामले में पुलिस ने क्रीम बनाने वाली कंपनी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लड़की के इलाज पर करीब एक लाख रुपये खर्च होने की बात भी सामने आई है।
इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखकर खरीदी थी क्रीम
पुलिस के मुताबिक, केरल के उग्रापुरम की रहने वाली किशोरी ने इंस्टाग्राम पर ‘F Tune’ नाम की स्किन क्रीम का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दावा किया गया था कि क्रीम लगाने से चेहरे के मुंहासे और दाग-धब्बे खत्म हो जाएंगे। साथ ही त्वचा में चमक भी आएगी। इन दावों से प्रभावित होकर लड़की ने क्रीम खरीद ली और उसका इस्तेमाल शुरू कर दिया।
क्रीम में खतरनाक मात्रा में पारा होने का आरोप
इस मामले में दर्ज FIR में आरोप लगाया गया है कि क्रीम में पारे की मात्रा काफी अधिक थी। पारा एक जहरीली धातु है, जिसका शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है। शिकायत के मुताबिक, कंपनी को इसके खतरों की जानकारी होने के बावजूद क्रीम में इसका इस्तेमाल किया गया। क्रीम लगाने के बाद लड़की को कई स्वास्थ्य समस्याएं हुईं और उसकी किडनी भी प्रभावित हो गई। इसके बाद उसे इलाज कराना पड़ा, जिस पर करीब एक लाख रुपये खर्च हुए।
कंपनी के खिलाफ किन धाराओं में केस?
लड़की की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को मामला दर्ज किया। क्रीम बनाने वाली कंपनी को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और केरल पुलिस एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अब मामले की जांच की जा रही है।
नकली कॉस्मेटिक्स और प्रोटीन पाउडर की जांच के आदेश
इस घटना के बाद केरल में कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने नकली कॉस्मेटिक्स और प्रोटीन पाउडर की बिक्री पर रोक लगाने के लिए पूरे राज्य में जांच के आदेश दिए हैं।
मंत्री ने कहा कि बिना मंजूरी वाले ब्यूटी और हेल्थ प्रोडक्ट पाकिस्तान और मंगलुरु-कासरगोड इलाके से आ रहे हैं। ऐसे उत्पादों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिंगर सलीम कोडाथूर भी कर चुके हैं दावा
स्किन लाइटनिंग क्रीम के इस्तेमाल से स्वास्थ्य खराब होने का यह पहला मामला नहीं है। सिंगर सलीम कोडाथूर भी दावा कर चुके हैं कि त्वचा को गोरा करने वाली क्रीम के इस्तेमाल के कारण उन्हें किडनी की गंभीर बीमारी हो गई थी।
सिंगर के मुताबिक, करीब 10 साल पहले उन्हें मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी (Membranous Nephropathy) नाम की बीमारी हुई थी। इसके बाद उन्हें कई महीनों तक इलाज कराना पड़ा। बताया गया था कि क्रीम के इस्तेमाल से उनके शरीर में पारे की मात्रा बढ़ गई थी।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

