By Malay Ojha | Published: 26 November 2026 at 03:16 PM
अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव एक बार फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से चीन के सामान पर 20 फीसदी तक नया टैरिफ लगाने के प्रस्ताव पर बीजिंग ने कड़ा विरोध जताया है। चीन ने अमेरिका को अपनी नीतियां सुधारने और प्रस्तावित शुल्क पर दोबारा विचार करने की सलाह दी है। साथ ही साफ कर दिया है कि अगर उसके आर्थिक हितों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई तो वह जवाबी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
गुरुवार को चीन के वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता हे यादोंग ने अमेरिकी प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमेरिका की जांच एकतरफा कार्रवाई है और चीन इसका दृढ़ता से विरोध करता है। उन्होंने वॉशिंगटन से विवाद बढ़ाने के बजाय बातचीत और आपसी सहमति के जरिए समाधान निकालने की अपील की।
चीन बोला- अपनी गलत नीतियां सुधारे अमेरिका
चीनी वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता हे यादोंग ने कहा कि अमेरिका को अपनी गलत व्यापारिक नीतियों में सुधार करना चाहिए और बातचीत के रास्ते पर लौटना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि चीन अपने वैध हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है।
चीन का कहना है कि अतिरिक्त शुल्क लगाने से दोनों देशों के बीच व्यापारिक विवाद और गहरा सकता है। इससे सिर्फ चीन और अमेरिका ही नहीं, बल्कि दूसरे देशों के कारोबार और वैश्विक सप्लाई चेन पर भी असर पड़ सकता है।
चीन पर 20 फीसदी तक टैरिफ लगाने की तैयारी
दरअसल, ट्रंप प्रशासन ने चीन, यूरोपीय संघ, जापान और भारत समेत कई प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ नए टैरिफ का प्रस्ताव रखा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता को इसकी वजह बताया है।
इस प्रस्ताव में चीन के सामान पर 20 फीसदी तक शुल्क लगाने की बात कही गई है। अमेरिका का आरोप है कि कुछ देश सरकारी मदद और दूसरी नीतियों के जरिए जरूरत से ज्यादा उत्पादन कर रहे हैं, जिससे अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंच रहा है।
हालांकि, यह अभी प्रस्ताव है। इस पर सार्वजनिक सुझाव और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होनी बाकी है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीयर ने कहा है कि चीन पर प्रस्तावित शुल्क दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार वार्ता के दायरे में है।
ओवरकैपेसिटी को लेकर भी आमने-सामने आए दोनों देश
अमेरिका के टैरिफ प्रस्ताव की एक बड़ी वजह ओवरकैपेसिटी यानी जरूरत से ज्यादा उत्पादन को बताया जा रहा है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि चीन समेत कुछ देशों में सरकारी नीतियों और आर्थिक मदद के कारण उत्पादन बाजार की मांग से अधिक हो रहा है। इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा प्रभावित होती है।
चीन ने इस दलील को खारिज किया है। हे यादोंग का कहना है कि ओवरकैपेसिटी का मुद्दा उठाकर टैरिफ लगाने की कोशिश संरक्षणवाद को बढ़ावा देने का बहाना है। चीन के मुताबिक, इस तरह के कदम वैश्विक औद्योगिक और सप्लाई चेन की स्थिरता को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
क्या फिर बिगड़ेगा अमेरिका-चीन का व्यापारिक रिश्ता?
अमेरिका और चीन के बीच पिछले कई वर्षों से टैरिफ और व्यापारिक नीतियों को लेकर खींचतान चल रही है। दोनों देश एक-दूसरे के सामान पर शुल्क बढ़ाने के साथ कई दूसरे व्यापारिक मुद्दों पर भी आमने-सामने रहे हैं। ऐसे में नए टैरिफ का प्रस्ताव दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच पहले से जारी तनाव को और बढ़ा सकता है।
अमेरिकी प्रशासन की ओर से प्रस्तावित शुल्क पर जनवरी 2027 में सार्वजनिक सुनवाई की प्रक्रिया रखी गई है। वहीं चीन ने साफ कर दिया है कि वह इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
अब सबकी नजर इस बात पर है कि अमेरिका अपने प्रस्ताव पर कितना आगे बढ़ता है और चीन इसके जवाब में क्या कदम उठाता है। अगर दोनों देशों के बीच बातचीत से रास्ता नहीं निकला तो इसका असर वैश्विक कारोबार, कंपनियों की लागत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर भी पड़ सकता है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

