By Malay Ojha | Published: 21 June 2026 at 06:37 PM
पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा आयोजित री-नीट-यूजी परीक्षा के दौरान वाराणसी से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शहर के एक परीक्षा केंद्र पर चेकिंग के दौरान एक अभ्यर्थी के अंडरगारमेंट्स से मोबाइल फोन, सिम, पुराना नीट प्रश्नपत्र और अन्य संदिग्ध सामान बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
रविवार को मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में री-नीट परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच और फ्रिस्किंग चल रही थी। इसी दौरान सुरक्षा कर्मियों की नजर एक छात्र की गतिविधियों पर पड़ी। शक होने पर उसकी दोबारा जांच की गई, जिसमें कई प्रतिबंधित सामान बरामद हुए। सामान मिलने के बाद परीक्षा केंद्र पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अंडरगारमेंट्स में छिपाकर रखा था सामान
पुलिस के मुताबिक, छात्र ने अपने अंडरगारमेंट्स में मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पहले आयोजित नीट परीक्षा का प्रश्नपत्र, ग्लू के छोटे पैकेट और फेविकोल की डिब्बी छिपा रखी थी। परीक्षा केंद्र के अंदर इस तरह की किसी भी वस्तु को ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।
खुद को बलिया का रहने वाला बताया
प्रारंभिक पूछताछ में छात्र ने अपना नाम प्रिंस दुबे बताया है। उसने पुलिस को बताया कि वह मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है और री-नीट परीक्षा देने के लिए वाराणसी आया था। पुलिस अब उसके दावों की भी जांच कर रही है।
सॉल्वर गैंग से कनेक्शन की जांच
पुलिस इस मामले को केवल परीक्षा नियमों के उल्लंघन तक सीमित नहीं मान रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं छात्र का संबंध किसी सॉल्वर गैंग या संगठित नकल गिरोह से तो नहीं है। उसके मोबाइल फोन और सिम कार्ड का डाटा खंगाला जा रहा है। साथ ही उसके संपर्क में रहे लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पेपर लीक के बाद बढ़ाई गई थी सुरक्षा
देशभर में नीट पेपर लीक विवाद के बाद री-नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट था। वाराणसी में परीक्षा के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और कड़ी फ्रिस्किंग के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा था। कई परीक्षार्थियों को जूते तक उतारकर जांच से गुजरना पड़ा।
पैरामिलिट्री बल भी रहा तैनात
इस बार हर परीक्षा केंद्र पर अतिरिक्त सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री बल के जवानों की भी तैनाती की गई थी। प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो कॉपी और स्टेशनरी की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया था। खुफिया विभाग और विशेष कार्य बल की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया था।
अब जांच के घेरे में पूरा नेटवर्क
पुलिस का मानना है कि बरामद सामान के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी हो सकता है। इसलिए छात्र के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी नकल गिरोह की भूमिका सामने आती है तो मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

