By Malay Ojha | Published: 29 August 2026 at 07:45 PM
पटना: बिहार भाजपा ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को दरभंगा स्थित अपने आवास से वर्चुअल बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण, सेवा संकल्प अभियान और श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
संजय सरावगी ने संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया के साथ बैठक को संबोधित किया। इस दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठन से जुड़े विषयों और अभियानों की तैयारियों पर चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से आयोजित करने के साथ उनमें अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।
‘मन की बात’ को बूथ तक ले जाने पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम आम लोगों से सीधे संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि 137वें संस्करण को बूथ स्तर पर अधिक से अधिक लोगों के साथ सुना जाए। साथ ही प्रधानमंत्री के संदेश और कार्यक्रम में सामने आने वाले सकारात्मक बदलावों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जाए।
सेवा संकल्प अभियान पर भी फोकस
संजय सरावगी ने कहा कि भाजपा का संगठन सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ लगातार समाज के बीच काम करता है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए सेवा से जुड़े कामों को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक इसका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की तैयारी
श्री गुरु संत रविदास समरसता संकल्प अभियान को लेकर भी प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संत रविदास का जीवन समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता का संदेश देता है। भाजपा उनके विचारों को समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचाने के लिए अभियान को व्यापक स्तर पर चलाएगी।
संगठन की मजबूती के लिए संवाद जरूरी
सरावगी ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समाज के साथ लगातार संवाद से होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी सभी कार्यक्रमों में पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जुटने को कहा। बैठक में संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया समेत पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

