By Malay Ojha | Published: 24 September 2026 at 11:35 AM
यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात नोएडा से महोबा जा रही डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में AC सिस्टम में स्पार्क या ब्लास्ट के बाद इंजन के लुब्रिकेटिंग ऑयल में आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, आग की पूरी वजह जांच के बाद ही साफ होगी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है।
PM मोदी ने आर्थिक मदद का ऐलान किया
हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना पर शोक जताया और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भी बस में आग
गुरुवार सुबह मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक निजी यात्री बस में आग लग गई। घटना के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
हैदराबाद में 38 यात्रियों की बची जान
हैदराबाद में करमनघाट हनुमान मंदिर के पास श्रीशैलम जा रही निजी बस में तड़के आग लग गई। बस में 38 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित बाहर निकल गए। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की संभावित वजह माना जा रहा है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

