By Malay Ojha | Published: 14 October 2026 at 05:19 PM
वाराणसी में विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने शिक्षा, सामाजिक एकता और अधिकारों के प्रति जागरूकता को समाज की तरक्की के लिए जरूरी बताया। वह वन सती देवी मंदिर के वार्षिक श्रृंगार समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। यहां स्थानीय लोगों और पूजा समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता देने की अपील की।
मुकेश सहनी ने कहा कि परिवार की आर्थिक स्थिति चाहे जैसी हो, बच्चों की शिक्षा से समझौता नहीं करना चाहिए। जरूरत पड़े तो परिवार एक रोटी कम खा ले, लेकिन बच्चों को पढ़ाने में पीछे नहीं हटे। उनके मुताबिक, जब तक समाज शिक्षित नहीं होगा, तब तक लोग अपने अधिकारों को सही तरीके से नहीं समझ पाएंगे और अपने जीवन में बदलाव लाना भी मुश्किल होगा।
पूजा के साथ कर्म करना भी जरूरी
समारोह को संबोधित करते हुए सहनी ने कहा कि यह राजनीतिक मंच नहीं, बल्कि आस्था और पूजा का अवसर है। लोग मंदिर में अपने परिवार की सुख-समृद्धि और परेशानियों से मुक्ति की प्रार्थना करते हैं, लेकिन जीवन में तरक्की के लिए केवल पूजा करना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान ने भी कर्म करने का संदेश दिया है। गरीबी, लाचारी और पिछड़ेपन को दूर करने के लिए समाज को अपनी बुद्धि और विवेक का इस्तेमाल करते हुए ठोस प्रयास करने होंगे।
शिक्षा से अपने अधिकारों को समझ सकेगा समाज
मुकेश सहनी ने कहा कि पढ़ा-लिखा व्यक्ति सही और गलत के बीच अंतर समझ सकता है। शिक्षा की कमी के कारण लोग अपने अधिकारों, संपत्ति और भविष्य से जुड़े मामलों में दूसरों पर निर्भर हो जाते हैं। जागरूकता और शिक्षा से धोखाधड़ी से बचने के साथ ही बेहतर फैसले लेने में भी मदद मिलती है।
उन्होंने युवाओं को नशे और जुए जैसी आदतों से दूर रहने की सलाह दी। सहनी के मुताबिक, शिक्षा युवाओं को सही दिशा चुनने और अपने परिवार का भविष्य बेहतर बनाने में मदद करती है।
जाति नहीं, कर्म से तय होना चाहिए सम्मान
सामाजिक असमानता का जिक्र करते हुए सहनी ने कहा कि गरीब और पिछड़े समाज के लोगों को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की श्रेष्ठता और सम्मान का आधार उसकी जाति नहीं, बल्कि उसके कर्म होने चाहिए।
उन्होंने लोगों से एकजुट रहने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने और उनके लिए संघर्ष करने की अपील की। साथ ही कहा कि समाज को आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा और जागरूकता पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
समारोह में वीआईपी के जिला अध्यक्ष सुजीत साहनी, वरिष्ठ नेता अरविंद मजवार और पूजा समिति के अध्यक्ष राम बच्चन निषाद मौजूद रहे। इनके अलावा शंकर साहनी, गुलाब चंद निषाद, गंगाराम राजभर, हेमराज निषाद, कैलाश निषाद, विजय कुमार निषाद, अमित निषाद, दिनेश निषाद, सागरनाथ, लाल मान निषाद और सोहन निषाद सहित अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

