By Malay Ojha | Published: 12 November 2026 at 07:41 PM
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले नए राजनीतिक गठबंधन को लेकर सियासत तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने गुरुवार, 12 नवंबर को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने का औपचारिक ऐलान किया। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के इस गठबंधन ने यूपी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है।
इस गठबंधन पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मोर्चे का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बीजेपी को 2 से 3 प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि केवल सामाजिक गठबंधन बनाने से बदलाव नहीं आएगा, इसके लिए राजनीतिक स्तर पर भी सक्रियता जरूरी है।
अखिलेश बोले- सामाजिक परिवर्तन के साथ राजनीतिक बदलाव भी जरूरी
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का वह स्वागत करते हैं। समाज के स्तर पर बदलाव होना जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी, जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ भी सक्रिय होगा।
उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हित में जो भी साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ ईमानदारी से लड़ेगा और उसकी आवाज उठाएगा, समाजवादी पार्टी उसकी आवाज जनता तक पहुंचाने में सहयोग करेगी।
बीजेपी को 2-3 प्रतिशत वोटों का नुकसान होने का दावा
सपा प्रमुख ने नए गठबंधन के राजनीतिक असर की चर्चा करते हुए कहा कि इसका फायदा विपक्ष को मिल सकता है। उनके मुताबिक, भावनात्मक नारों और बहकावे में आकर बीजेपी को वोट देने वाले लोगों के सामने अब एक और विकल्प होगा।
अखिलेश ने दावा किया कि इससे बीजेपी को 2 से 3 प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि केवल बातों और बयानों से राजनीतिक माहौल बनाने वालों की सच्चाई जनता समझती है।
‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होने की उम्मीद
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि अगर कोई राजनीतिक दल या नेता किसी की सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता चुनाव में उसकी जमानत तक जब्त करा सकती है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यूपी की राजनीति में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ खत्म होगी और सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समाज के वास्तविक हितों के लिए काम करेंगे।
2027 में किसके साथ जाएगा वोट बैंक, अखिलेश ने कही यह बात
सपा प्रमुख ने कहा कि नए गठबंधन के ऐलान से यह भी स्पष्ट हो गया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जिस राजनीतिक दल के पास मजबूत आधारभूत वोट होगा, बदलाव चाहने वाले लोग उसी के साथ जाएंगे।
उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को सबसे बड़ा राजनीतिक विकल्प बताते हुए कहा कि इससे बेहतर कोई दूसरा विकल्प नहीं है। अखिलेश ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को शुभकामनाएं भी दीं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

