By Malay Ojha | Published: 13 November 2026 at 07:25 PM
कर्नाटक के मैसूर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग अंदाज देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान बीजेपी की 70 साल से अधिक उम्र की एक महिला कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ने लगी। वह असहज महसूस कर रही थीं और बेहोश होने की स्थिति में पहुंच गई थीं। जैसे ही पीएम मोदी की नजर उन पर पड़ी, उन्होंने तुरंत उनकी सुध ली और अपने डॉक्टर को भी महिला का ख्याल रखने का निर्देश दिया।
महिला कार्यकर्ता को लेकर पीएम मोदी ने दिखाई तत्परता
महिला कार्यकर्ता की पहचान प्रेमा के. के रूप में हुई है। वह कर्नाटक के नंजनगुड की रहने वाली हैं और लंबे समय से बीजेपी से जुड़ी हैं। बताया गया कि प्रधानमंत्री की रैली के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी। इस पर पीएम मोदी ने खुद उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अपने डॉक्टर को महिला की मदद करने और उन्हें जरूरी देखभाल उपलब्ध कराने को कहा। पीएम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि उन्हें इलेक्ट्रोलाइट्स दिए जाएं और जरूरत के मुताबिक सहारा मिले। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीर भी सामने आई है।
कॉसमॉस मैसूर का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मैसूर दौरे के दौरान कॉसमॉस मैसूर का उद्घाटन भी किया। यह भारत का पहला एलईडी डोम तारामंडल (प्लेनेटेरियम) है। इसे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स ने विकसित किया है। मैसूर विश्वविद्यालय परिसर में बने इस अत्याधुनिक तारामंडल के जरिए लोगों को अंतरिक्ष और खगोल विज्ञान की दुनिया को करीब से समझने का मौका मिलेगा।
4.2 करोड़ एलईडी से तैयार हुआ तारामंडल
कॉसमॉस मैसूर की सबसे बड़ी खासियत इसका एलईडी डोम है। इसमें करीब 4.2 करोड़ एलईडी का इस्तेमाल किया गया है। इसका डोम 15 मीटर तक झुका हुआ है, जिस पर अंतरिक्ष से जुड़े नजारे बेहद जीवंत तरीके से दिखाए जा सकेंगे। यहां कन्नड़, अंग्रेजी और हिंदी में शैक्षिक शो भी आयोजित किए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों और विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों को खगोल विज्ञान को समझने का नया अनुभव मिलेगा।
प्राचीन भारतीय खगोल विज्ञान का भी किया जिक्र
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक उपकरण और तकनीक उपलब्ध नहीं होने के बावजूद हमारे पूर्वजों ने ब्रह्मांड और ग्रहों की गति का बारीकी से अध्ययन किया था। प्राचीन भारतीय खगोलविदों ने ब्रह्मांड को समझने के लिए जटिल गणितीय गणनाएं की थीं।
मैसूर के शाही परिवार के योगदान को सराहा
प्रधानमंत्री ने विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में मैसूर के शाही परिवार के योगदान की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि मैसूर के शाही परिवार ने विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए मैसूर विश्वविद्यालय और भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc) जैसी संस्थाओं की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। पीएम मोदी ने कहा कि भारत की वैज्ञानिक विरासत और आधुनिक तकनीक का मेल देश को विज्ञान के क्षेत्र में आगे ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

