By Malay Ojha | Published: 09 November 2026 at 05:04 PM
भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव छठ महापर्व के मौके पर अपने नए भक्ति गीत के साथ श्रोताओं के बीच हैं। गायिका सौम्या श्रीवास्तव के साथ उनकी आवाज में गाया गया गीत ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ छठ की तैयारियों के बीच लोगों का ध्यान खींच रहा है। भोजपुरी फिल्म ‘सइयां अरब गईले ना-2’ के इस गाने में छठी मैया की आराधना और सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा को संगीत के जरिए पेश किया गया है।
खेसारी और सौम्या की आवाज में छठ की भक्ति
गीत में खेसारी लाल यादव की दमदार गायकी के साथ सौम्या श्रीवास्तव की मधुर आवाज सुनने को मिल रही है। छठ पूजा के पारंपरिक माहौल, व्रतियों की आस्था और सूर्य उपासना को ध्यान में रखकर तैयार किया गया यह गाना भोजपुरी संगीत प्रेमियों के लिए खास है। गीत के बोल और संगीत में छठ महापर्व की पारंपरिक झलक देखने को मिलती है।
निर्माता अभय सिन्हा ने बताई गाने की खासियत
फिल्म के निर्माता अभय सिन्हा का कहना है कि छठ महापर्व केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि बिहार और पूर्वांचल की संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस गीत के जरिए छठी मैया की महिमा और पर्व की धार्मिक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
उनके मुताबिक, भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से लोक संस्कृति और पर्व-त्योहारों से जुड़ी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी जरूरी है। उन्हें उम्मीद है कि छठ व्रत करने वाले परिवारों के साथ भोजपुरी संगीत के श्रोता भी इस गाने को पसंद करेंगे।
खेसारी बोले- छठी मैया की महिमा को सुरों में पिरोने की कोशिश
खेसारी लाल यादव ने कहा कि छठ महापर्व उनके लिए आस्था और लोक संस्कृति से जुड़ा बेहद खास पर्व है। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ के जरिए छठी मैया की महिमा और सूर्य उपासना की परंपरा को गीत के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
सौम्या श्रीवास्तव के साथ इस गाने को गाने का अनुभव भी उनके लिए खास रहा। खेसारी को उम्मीद है कि श्रोता इसे खूब प्यार देंगे और यह गीत छठ के माहौल को भक्तिमय बनाने में अपनी भूमिका निभाएगा।
विनय बिहारी ने लिखे हैं गीत के बोल
‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ के बोल विनय बिहारी ने लिखे हैं। इसका संगीत शुभम सिन्हा और शोभित सिन्हा ने तैयार किया है। गाने में खेसारी लाल यादव के अलावा दर्शना बनिक, आस्था सिंह, दीपिका सिंह, माया यादव और अयाज खान भी नजर आ रहे हैं।
फिल्म के कार्यकारी निर्माता अनिल कुमार सिंह हैं। इसकी कहानी, पटकथा और निर्देशन प्रेमांशु सिंह ने संभाला है। कोरियोग्राफी मनोज (एम.के. गुप्ता जॉय) ने की है, जबकि छायांकन की जिम्मेदारी वासु ने निभाई है। माजर खान फिल्म के सहयोगी निर्देशक हैं।
भोजपुरी छठ गीतों की परंपरा को आगे बढ़ा रहे कलाकार
भोजपुरी संगीत में छठ गीतों का हमेशा से खास स्थान रहा है। हर साल छठ के मौके पर नए गीतों के साथ पुराने पारंपरिक गीत भी खूब सुने जाते हैं। ऐसे में खेसारी लाल यादव जैसे लोकप्रिय कलाकारों की आवाज में आने वाले भक्ति गीत नई पीढ़ी को भी अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। ‘अरघिया चढ़इब हो छठी मइया के’ भी इसी संगीत परंपरा का हिस्सा है। 
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

