By Malay Ojha | Published: 28 August 2026 at 11:12 PM
देशभर में शुक्रवार को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया गया। इस मौके पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। दीपके ने कॉकरोच के आकार वाली राखी की तस्वीर साझा की है। इस राखी पर ‘राखी और इस्तीफा मुबारक’ लिखा दिखाई दे रहा है। दीपके ने तस्वीर के साथ केवल एक स्माइली लगाई है।
अभिजीत दीपके की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की गई तस्वीर में उनके हाथ में कॉकरोच के आकार वाली राखी नजर आ रही है। राखी पर लिखा संदेश राजनीतिक तंज के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, दीपके ने पोस्ट के साथ कोई विस्तृत टिप्पणी नहीं की और सिर्फ स्माइली के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी।
आंदोलन फिर शुरू करने का ऐलान
यह पोस्ट ऐसे समय सामने आई है जब अभिजीत दीपके के नेतृत्व वाली कॉकरोच जनता पार्टी ने आंदोलन फिर शुरू करने की घोषणा की है। केंद्र सरकार के साथ बातचीत के बाद पार्टी ने करीब एक महीने के लिए अपना आंदोलन स्थगित किया था। अब पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर शांतिपूर्ण मार्च निकालने की तैयारी है।
छात्रों के परिवार भी मार्च में होंगे शामिल
प्रस्तावित मार्च में उन छात्रों के परिवारों को शामिल किए जाने की बात कही गई है, जिन्होंने नीट परीक्षा रद्द होने और बाद में दोबारा परीक्षा कराए जाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। इसके अलावा जुलाई में हुए आंदोलन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई का सामना करने वाले छात्रों के परिवार भी मार्च में शामिल होंगे।
‘स्कूल ठीक करो’ अभियान पर जोर
अभिजीत दीपके इन दिनों ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान भी चला रहे हैं। सरकारी स्कूलों की बुनियादी सुविधाओं को इस अभियान का मुख्य मुद्दा बनाया गया है। अभियान के तहत उनकी पार्टी ने सभी राज्य सरकारों को पत्र भेजकर पिछले पांच वर्षों में स्कूलों की सुविधाओं, शिक्षकों के खाली पदों और स्कूलों को उपलब्ध कराई गई राशि की जानकारी मांगी है।
सरकारी स्कूलों की हालत पर उठाए सवाल
शिक्षा मंत्रियों को भेजे गए पत्रों में दीपके ने सरकारी स्कूलों की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाली तस्वीरों से कई स्कूलों में अब भी बच्चों को सुरक्षित पीने का पानी, इस्तेमाल करने लायक शौचालय, ठीक कक्षाएं और बैठने के लिए बेंच जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पाने की तस्वीर सामने आती है।
‘80 साल बाद भी ऐसी स्थिति क्यों?’
दीपके ने अपने पत्र में कहा कि भारत को आजाद हुए 80 साल हो चुके हैं और इसके बावजूद बच्चों को ऐसी परिस्थितियों में पढ़ने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकारी स्कूलों में बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सरकारों से जवाबदेही तय करने की मांग की है। रक्षाबंधन पर साझा की गई उनकी कॉकरोच वाली राखी की तस्वीर इसी राजनीतिक सक्रियता के बीच सामने आई है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

