By Malay Ojha | Published: 17 November 2026 at 04:17 PM
भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी अब IPL में खिलाड़ी के तौर पर नजर नहीं आएंगे। 45 साल की उम्र में उन्होंने आईपीएल को अलविदा कह दिया है। हालांकि, चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के साथ उनका रिश्ता खत्म नहीं होगा। फ्रेंचाइजी ने धोनी को IPL 2027 से टीम मेंटॉर की नई जिम्मेदारी सौंपी है। यानी अब मैदान पर बल्ले और विकेट के पीछे दस्तानों के साथ दिखने वाले धोनी टीम के युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देते नजर आएंगे।
CSK ने खास पोस्ट के साथ किया नई जिम्मेदारी का ऐलान
चेन्नई सुपरकिंग्स ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर धोनी की नई भूमिका का ऐलान करते हुए उन्हें ‘Once in a Lifetime Player’ बताया। फ्रेंचाइजी ने अपने पोस्ट में लिखा कि महेंद्र सिंह धोनी अब टीम मेंटॉर की जिम्मेदारी संभालेंगे। पोस्ट में उनके साथ रिश्ते को हमेशा कायम रहने वाला बताया गया।
CSK ने लिखा कि धोनी ने टीम को कई यादगार जीत दिलाई हैं और मुश्किल दौर में भी फ्रेंचाइजी के साथ खड़े रहे हैं। अब वे सुपरकिंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में अपनी भूमिका निभाएंगे। टीम ने यह भी कहा कि धोनी हमेशा उसकी पहचान का हिस्सा रहेंगे और चेन्नई उनका घर रहेगा।
एन श्रीनिवासन बोले- धोनी के बिना CSK की कल्पना नहीं
धोनी की नई भूमिका पर चेन्नई सुपरकिंग्स के मालिक एन श्रीनिवासन ने भी भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि धोनी और CSK का रिश्ता करीब दो दशक पुराना है। इस दौरान दोनों ने जीत, हार और मुश्किल हालात का एक साथ सामना किया है।
श्रीनिवासन ने याद किया कि वर्ष 2008 में उन्होंने ही धोनी को चेन्नई की टीम से जोड़ने पर जोर दिया था। उन्होंने इसे अपना सबसे अच्छा फैसला बताया। उनके मुताबिक, धोनी सिर्फ अपनी उपलब्धियों की वजह से नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व के कारण भी फ्रेंचाइजी के लिए खास हैं। उन्होंने कहा कि धोनी हमेशा CSK की पहचान का हिस्सा रहेंगे। चेन्नई उनका घर था और हमेशा रहेगा।
पांच बार चेन्नई को बनाया IPL चैंपियन
महेंद्र सिंह धोनी का IPL करियर उपलब्धियों से भरा रहा है। उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स ने पांच बार IPL का खिताब जीता। धोनी की अगुआई में टीम ने 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
धोनी की कप्तानी की सबसे बड़ी खासियत मुश्किल परिस्थितियों में शांत रहकर फैसले लेना रही है। यही वजह है कि उन्हें क्रिकेट जगत में ‘कैप्टन कूल’ के नाम से भी जाना जाता है। अब तक IPL में पांच खिताब जीतने वाले कप्तानों में धोनी का नाम सबसे आगे रहा है।
278 मैच, 5439 रन और 264 छक्के
धोनी के व्यक्तिगत IPL रिकॉर्ड पर नजर डालें तो उन्होंने 278 मैच खेले और 38.30 की औसत से 5439 रन बनाए। उनके नाम 24 अर्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने अपने IPL करियर में 264 छक्के लगाए और विकेट के पीछे 158 कैच पकड़े।
धोनी ने IPL में अपना आखिरी मुकाबला 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला था। चोट के कारण वह IPL 2026 के पूरे सीजन में मैदान पर नहीं उतर सके। अब मेंटॉर की जिम्मेदारी के साथ उनका IPL में खिलाड़ी के तौर पर सफर समाप्त हो गया है।
मैदान पर नहीं दिखेंगे, लेकिन CSK के साथ बना रहेगा रिश्ता
धोनी के लिए IPL से विदाई का मतलब चेन्नई सुपरकिंग्स से दूरी बनाना नहीं है। नई जिम्मेदारी में वे टीम के खिलाड़ियों को अपने अनुभव से मार्गदर्शन देंगे। खासकर युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और टीम के अगले दौर की नींव मजबूत करने में उनकी भूमिका अहम मानी जा रही है।
धोनी ने वर्ष 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद भी वे IPL में खेलते रहे और चेन्नई के प्रशंसकों के लिए टीम का सबसे बड़ा चेहरा बने रहे। अब खिलाड़ी के रूप में उनकी आखिरी पारी के बाद CSK में एक नई भूमिका शुरू होने जा रही है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

