By Malay Ojha | Published: 04 October 2026 at 06:26 PM
भदोही। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भदोही जिले का नाम बदलने का ऐलान कर दिया। अब जिले की पहचान ‘संत रविदास नगर भदोही’ के नाम से होगी। मुख्यमंत्री ने भदोही के कारपेट एक्सपो मार्ट में आयोजित इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती समारोह में यह घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचारों और उनकी समता की भावना को आगे बढ़ाने के लिहाज से जिले को यह नई पहचान देना प्रासंगिक है।
कालीन उद्योग को दुनिया तक पहुंचाने पर जोर
CM योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भदोही का कालीन उद्योग अब देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है। अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले में करीब 250 प्रदर्शक और 65 देशों से आए विदेशी खरीदार शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे स्थानीय कारीगरों और कालीन कारोबार को वैश्विक बाजार मिल रहा है।
संत रविदास के विचारों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने संत रविदास की उस सोच का उल्लेख किया, जिसमें भेदभाव से मुक्त ऐसे समाज की कल्पना की गई थी जहां सभी को भोजन मिले और छोटा-बड़ा सभी समान रूप से रहें। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं।
बोले- तकनीक, डिजाइन और बाजार भी मिला
CM योगी ने कहा कि सरकार ने कारीगरों को आधुनिक तकनीक, बेहतर डिजाइन और बाजार से जोड़ने पर काम किया है। उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना का जिक्र करते हुए कहा कि भदोही के कालीन उद्योग को इससे बड़ा बाजार मिला। मुख्यमंत्री के मुताबिक जिले से करीब 6,100 करोड़ रुपये का कालीन निर्यात हो रहा है।
2017 से पहले के हालात पर विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता, माफियाराज, गुंडागर्दी, कर्फ्यू और दंगों का माहौल था। उनका कहना था कि उस समय कारीगरों को बिजली, सड़क, बाजार और सुरक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं की कमी से जूझना पड़ता था। इसके कारण कई लोगों को रोजगार के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ा।
पहले भी बदला जा चुका है जिले का नाम
भदोही के नाम को लेकर पहले भी बदलाव हो चुका है। वर्ष 1999 में इसका नाम ‘संत रविदास नगर भदोही’ रखा गया था, जबकि 2014 में इसे फिर से ‘भदोही’ कर दिया गया था। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर जिले को संत रविदास के नाम से पहचान देने की घोषणा की है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

