By Malay Ojha | Published: 17 October 2026 at 07:16 PM
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शारदीय नवरात्र की महासप्तमी पर पटना के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ श्री कृष्णापुरी स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में मां भगवती के दर्शन किए और बिहार की सुख-समृद्धि की कामना की।
पटना के श्री कृष्णापुरी, बोरिंग रोड स्थित श्री कृष्णापुरी दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में तीनों नेताओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। महासप्तमी के मौके पर पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक उत्साह देखने को मिला।
कई दूसरे पूजा पंडालों में भी पहुंचे संजय सरावगी
संजय सरावगी ने नितिन नवीन के साथ बोरिंग कैनाल रोड स्थित श्री श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर दुर्गा पूजा समिति और आनंदपुरी की श्री विजय वाहिनी दुर्गा पूजा समिति में भी मां दुर्गा के दर्शन किए। इसके अलावा बोरिंग रोड दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
शिवपुरी में भी मां दुर्गा के किए दर्शन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सब्जी मंडी, अटल पथ और शिवपुरी क्षेत्र में रामनवमी सेना की ओर से आयोजित श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के पंडाल में भी पहुंचे। इस दौरान पूजा समितियों के सदस्य और श्रद्धालु मौजूद रहे।
बिहारवासियों के लिए की सुख-समृद्धि की कामना
पूजा-अर्चना के बाद संजय सरावगी ने मां भगवती से बिहार के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि मां दुर्गा की कृपा से हर परिवार में खुशहाली बनी रहे और लोगों के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो।
बोले- बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देता है पर्व
संजय सरावगी ने कहा कि महासप्तमी श्रद्धा, भक्ति और शक्ति की उपासना का पर्व है। मां दुर्गा की आराधना बुराई पर अच्छाई की जीत और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कामना की कि बिहार विकास और समृद्धि के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ता रहे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

