By Malay Ojha | Published: 24 November 2026 at 12:49 PM
पटना: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर पटना में गंगा घाटों पर आस्था का बड़ा नजारा देखने को मिला। मंगलवार सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दीघा से लेकर गायघाट और कंगन घाट तक हजारों की संख्या में लोग गंगा में डुबकी लगाने पहुंचे। घाटों पर सुबह से ही महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गों और बच्चों की भारी भीड़ नजर आई।
दीघा से कंगन घाट तक दिखी श्रद्धालुओं की भीड़
पटना के दीघा घाट, गांधी घाट, कलेक्ट्रेट घाट, गायघाट, भद्रघाट और कंगन घाट समेत कई प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
परिवार के साथ पहुंचे लोग, वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़ी आस्था
कई श्रद्धालुओं ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करना उनके परिवार की पुरानी परंपरा है। इसी वजह से वे हर साल इस खास मौके पर गंगा घाट पहुंचते हैं। महिलाओं का कहना था कि इस दिन गंगा में स्नान करने से मन को शांति मिलती है और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। इसी धार्मिक विश्वास के साथ सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी घाटों पर पहुंचीं।
गंगा स्नान के साथ दान-पुण्य का भी महत्व
हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा को विशेष धार्मिक महत्व दिया गया है। मान्यता है कि इस दिन गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। यही वजह है कि बिहार के अलग-अलग जिलों के अलावा दूसरे राज्यों से भी श्रद्धालु पटना पहुंचते हैं।
दीपदान और पूजा-पाठ से भक्तिमय हुआ माहौल
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के साथ दान-पुण्य और दीपदान की भी परंपरा है। श्रद्धालु जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री दान करते हैं। कई लोग गंगा किनारे दीप जलाकर पूजा-अर्चना भी करते हैं। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। इस कारण गंगा घाटों पर सुबह से ही धार्मिक गतिविधियां और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

