By Malay Ojha | Published: 08 August 2026 at 06:53 PM
रांची में परीक्षा में पारदर्शिता की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों को शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का समर्थन मिला। सीजेपी की टीम छात्रों के बीच पहुंची और उनके आंदोलन में साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। सीजेपी के कोर सदस्य मुकेश ऑल राउंडर ने कहा कि सरकार जब तक छात्रों की आवाज नहीं सुनती, उनकी टीम आंदोलन में उनके साथ रहेगी। उन्होंने साफ कहा कि सीजेपी बिना लड़े यहां से नहीं जाएगी।
मुकेश ऑल राउंडर के साथ सीजेपी के अक्षय शिंदे, राम जाखड़, अजय चौहान और डॉ. नितिन भी रांची पहुंचे। टीम ने आंदोलन कर रहे छात्रों से मुलाकात की और उनकी मांगों को समझा। मुकेश ने कहा कि सीजेपी यहां केवल मंच से समर्थन देने नहीं आई है, बल्कि छात्रों के साथ बैठकर उनके संघर्ष में शामिल होने आई है।
‘छात्र सरकार से बस एक पेपर सही कराने की मांग कर रहे’
मुकेश ऑल राउंडर ने कहा कि छात्रों की मांग कोई बहुत बड़ी नहीं है। वे सरकार से सिर्फ इतना चाहते हैं कि परीक्षा सही तरीके से और पारदर्शी ढंग से कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिस युवक ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है, वह आखिर कब तक अपनी परीक्षा और भविष्य के लिए सरकार से लड़ता रहेगा।
‘न्याय मिलने तक छात्रों के साथ रहेगी पूरी टीम’
मुकेश ने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिल जाता, सीजेपी की पूरी टीम उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने जंतर-मंतर पर चले आंदोलन का अनुभव भी छात्रों के साथ साझा करने की बात कही। उनके मुताबिक, वहां 37 दिनों तक आंदोलन के दौरान सरकार के सामने अपनी बात रखने और आंदोलन को आगे बढ़ाने का जो अनुभव मिला है, उसका इस्तेमाल रांची में छात्रों की लड़ाई में किया जाएगा।
‘मंच के सामने बैठकर करेंगे समर्थन’
मुकेश ऑल राउंडर ने कहा कि सीजेपी का समर्थन सिर्फ भाषण देने तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि टीम छात्रों के साथ मंच के सामने बैठकर आंदोलन में हिस्सा लेगी और जरूरत पड़ने पर हर स्तर पर उनका साथ देगी। उन्होंने दो टूक कहा कि छात्रों की मांग पूरी होने तक वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
अभिजीत दीपके के रांची आने पर क्या बोले मुकेश?
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके के आंदोलन में शामिल होने के सवाल पर मुकेश ऑल राउंडर ने बताया कि उनकी तबीयत खराब है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर आंदोलन कर रहे छात्र उनसे आने की मांग करते हैं तो दीपके भी रांची पहुंच सकते हैं।
‘हम राजनीति करने नहीं आए हैं’
मुकेश ने इस आंदोलन को किसी राजनीतिक एजेंडे से जोड़ने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि सीजेपी यहां राजनीति करने नहीं आई है। उनका कहना था कि देश में जहां भी छात्र अपने हक और परीक्षा में पारदर्शिता के लिए लड़ रहे हैं, सीजेपी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि इस लड़ाई में अभिजीत दीपके और पूरी टीम छात्रों के समर्थन में है।
छात्रों की लड़ाई को बताया झारखंड के लिए अहम
मुकेश ऑल राउंडर ने रांची के आंदोलन को झारखंड के छात्रों के लिए बेहद अहम बताया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ मौजूदा छात्रों की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे आने वाले समय में झारखंड में होने वाली परीक्षाओं की व्यवस्था और पारदर्शिता को लेकर भी संदेश जाएगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

