By Malay Ojha | Published: 13 October 2026 at 06:30 PM
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) में आदिवासी समाज के बड़ी संख्या में लोगों ने सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विमलेश गोंड, प्रेम गोंड और छठी लाल गोंड समेत कई लोगों ने पार्टी का दामन थामा। इस दौरान विमलेश पाठक और राम नरेश राय ने भी अपने समर्थकों के साथ राजद की सदस्यता ली।
राजद नेता एजाज अहमद के मुताबिक, पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू ने नए सदस्यों को सदस्यता रसीद देकर पार्टी में शामिल कराया। इस मौके पर सभी को पार्टी के प्रतीक हरे गमछे और लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक संघर्ष व योगदान पर आधारित पुस्तक ‘गोपालगंज टू रायसीना’ देकर सम्मानित किया गया।
सत्येंद्र गौंड की प्रेरणा से पार्टी में आए लोग
राजद की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र गौंड की प्रेरणा से आदिवासी समाज के लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम में संजय यादव, निर्भय कुमार अंबेडकर, अरुण कुमार और गणेश कुमार यादव समेत कई राजद नेता मौजूद रहे।
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर राजद ने दिया जोर
इस अवसर पर रणविजय साहू ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के विचारों और तेजस्वी यादव के कार्यों से प्रभावित होकर गरीब, शोषित, वंचित और आदिवासी समाज के लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजद ने सामाजिक न्याय की विचारधारा को जमीन पर उतारने और समाज के सभी वर्गों को सम्मान दिलाने का काम किया है।
नए सदस्यों के जुड़ने से पार्टी को मजबूती की उम्मीद
राजद नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए लगातार काम कर रही है। आदिवासी समाज के लोगों के साथ अन्य समर्थकों के पार्टी में शामिल होने को संगठन के विस्तार के रूप में देखा जा रहा है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

