By aryavartalive | Published: 29 November 2026 at 05:05 PM
भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को नई तकनीक से जोड़ने की दिशा में रोडिक कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड ने बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने देश में AI आधारित इंफ्रास्ट्रक्चर इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये का फंड बनाने का ऐलान किया है। इस फंड के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक पर काम करने वाले स्टार्टअप्स को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
100 करोड़ रुपये रोडिक लगाएगी, बाकी निवेशकों से जुटेंगे
कंपनी के मुताबिक, प्रस्तावित ‘AI इंफ्रास्ट्रक्चर इनोवेशन फंड’ में रोडिक खुद 100 करोड़ रुपये निवेश करेगी। बाकी 100 करोड़ रुपये एंजेल फंड्स, वेंचर कैपिटल कंपनियों और बड़े निजी निवेशकों (UHNIs) के सहयोग से जुटाए जाएंगे। इस तरह कुल 200 करोड़ रुपये का फंड तैयार किया जाएगा।
AI से लेकर ड्रोन और रोबोटिक्स तक पर रहेगा फोकस
इस फंड से उन स्टार्टअप्स और रिसर्चर्स को आर्थिक मदद दी जाएगी, जो इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के लिए नई तकनीक और समाधान विकसित कर रहे हैं। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), कंप्यूटर विजन, ड्रोन, सेंसर और रोबोटिक्स जैसी तकनीकें शामिल हैं।
खास बात यह है कि चयनित स्टार्टअप्स को सिर्फ निवेश ही नहीं मिलेगा। उन्हें रोडिक का इंजीनियरिंग अनुभव, इंडस्ट्री नेटवर्क और वास्तविक इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर अपने तकनीकी समाधान आजमाने का अवसर भी दिया जाएगा।
प्रोजेक्ट की निगरानी से सुरक्षा तक बदल सकती है तस्वीर
रोडिक के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर राज कुमार के मुताबिक, इस पहल का मकसद नई तकनीकों को लैब और रिसर्च सेंटर तक सीमित रखना नहीं है। कंपनी ऐसे समाधान विकसित करने और उन्हें बढ़ावा देने पर काम करना चाहती है, जिनका इस्तेमाल देश की बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में किया जा सके।
इन तकनीकों की मदद से परियोजनाओं की प्लानिंग, निर्माण कार्य, निगरानी, सुरक्षा और संचालन को ज्यादा प्रभावी बनाने की कोशिश होगी। इससे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में तकनीक के इस्तेमाल का दायरा बढ़ सकता है।
22 जनवरी को भारत मंडपम में होगा AI कॉन्क्लेव
इस पहल को आगे बढ़ाने के लिए रोडिक 22 जनवरी 2027 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ‘रोडिक इंफ्रा-AI कॉन्क्लेव 2027’ आयोजित करेगी।
इस सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, सरकारी प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के विशेषज्ञों, निवेशकों, स्टार्टअप्स और शोधकर्ताओं को आमंत्रित किया जाएगा। सम्मेलन में इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में AI और नई तकनीकों के इस्तेमाल, उनके व्यावहारिक समाधान और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा होगी।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

