By Malay Ojha | Published: 09 November 2026 at 05:29 PM
पटना: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने अपना 37वां जन्मदिन सामाजिक सद्भाव दिवस के रूप में मनाया। पटना स्थित राजद के प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित समारोह में हजारों की संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान तेजस्वी यादव ने 37 पाउंड का केक काटा और कार्यकर्ताओं के बीच मिठाइयां बांटीं। जन्मदिन समारोह के बहाने उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सामाजिक सद्भाव, रोजगार और नफरत की राजनीति के खिलाफ संघर्ष का संदेश भी दिया।
केक काटते ही गूंजे जन्मदिन के नारे
तेजस्वी यादव के केक काटने के दौरान सभागार में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान ‘जियो हजारों साल, साल के दिन हों हजार’ और ‘हैप्पी बर्थडे तेजस्वी जी’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। समारोह में केक और मिठाइयां भी बांटी गईं।
मंगनी लाल मंडल की अध्यक्षता में हुआ कार्यक्रम
जन्मदिन समारोह का आयोजन राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर हसन और प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बारी-बारी से किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव को शॉल और बुके भेंटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
मंगनी लाल मंडल ने कहा कि तेजस्वी यादव के जन्मदिन पर जिस उत्साह और संकल्प के साथ नेता और कार्यकर्ता जुटे हैं, वह उनके प्रति विश्वास और समर्थन को दिखाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह आयोजन सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ बिहार की राजनीति को भी नई दिशा देने में मददगार होगा।
तेजस्वी ने कार्यकर्ताओं को दिया लालू यादव के विचार आगे बढ़ाने का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि जन्मदिन के इस अवसर पर सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ लालू प्रसाद यादव के विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति को खत्म करने और नौकरी-रोजगार की राजनीति को मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस तरह से लोगों ने उन्हें प्यार और स्नेह दिया है, उससे पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं के विश्वास और समर्थन की ताकत का पता चलता है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से सकारात्मक सोच के साथ संघर्ष और आंदोलन के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
गांव-गांव और घर-घर पहुंचाएं लालू यादव का संदेश
तेजस्वी यादव ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लालू प्रसाद यादव के विचारों और संदेश को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति को परास्त करने के लिए सामाजिक सद्भाव और आपसी प्रेम को मजबूत करना जरूरी है।
उन्होंने जन्मदिन समारोह में शामिल होने वाले पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और पत्रकारों का आभार जताया। साथ ही सभी से इसी तरह प्रेम और मोहब्बत बनाए रखने की अपील की।
कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समारोह में राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव और बिनु यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. कांति सिंह, विधान परिषद के पूर्व उपसभापति डॉ. रामचंद्र पूर्वे, सांसद अभय कुमार कुशवाहा, राष्ट्रीय सचिव कार्तिकेय कुमार सिंह और डॉ. सुनील कुमार सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह, आलोक कुमार मेहता, समीर कुमार महासेठ, विजय प्रकाश यादव, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, विधान पार्षद कारी मो. सौहेब, डॉ. उर्मिला ठाकुर, एजाज अहमद, विनोद कुमार श्रीवास्तव, पूर्व विधायक रेखा पासवान, डॉ. अनवर आलम, मुकेश रोशन, सुदय यादव, निरंजन कुमार राय, दीनानाथ सिंह यादव और चितरंजन गगन समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और नेता शामिल हुए।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

