By Malay Ojha | Published: 17 November 2026 at 04:26 PM
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से की जा रही आलोचनाओं पर जवाब दिया है। उन्होंने बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के समर्थकों पर निशाना साधते हुए कहा कि डर, गुस्सा और नफरत ने उनके दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जिसकी वजह से वे प्रेम और अपनत्व को महसूस नहीं कर पा रहे हैं। राहुल ने कहा कि एक सच्चे हिंदू होने के नाते उनका कर्तव्य है कि वे लोगों को इस जाल से बाहर निकालें।
राहुल ने X पर लिखा- प्रेम को महसूस करना सीखें
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी। उन्होंने लिखा कि डर, क्रोध और नफरत ने बीजेपी और RSS समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बना दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और जाहिर करने से रोकता है।
उन्होंने आगे कहा, ”एक सच्चे हिंदू के नाते, मेरा कर्तव्य है कि मैं उन्हें इस जाल से मुक्त करूं। ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनत्व की अद्भुत सुंदरता और आनंद का अनुभव कर सकें। सत्यम शिवम सुंदरम।”
भगवान शिव-पार्वती की तस्वीर भी की पोस्ट
राहुल गांधी ने अपने संदेश के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की एक तस्वीर भी साझा की। इसमें दोनों नंदी बैल पर सवार दिखाई दे रहे हैं। यह तस्वीर कर्नाटक के प्रसिद्ध होयसलेश्वर मंदिर की बाहरी दीवार पर बनी नक्काशी की है।
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन पर क्या बोले थे राहुल?
दरअसल, सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते से जुड़ा एक निजी किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया था कि घर में खाने के समय उनकी मां अक्सर पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं।
राहुल ने कहा था कि बचपन में उन्हें लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता होगा। लेकिन जब वे दोस्तों के घर जाते थे तो वहां ऐसा नजारा नहीं देखते थे। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनके माता-पिता के बीच का रिश्ता दूसरे परिवारों से अलग था।
हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल के बयान पर उठाए सवाल
राहुल गांधी के इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रियाएं आईं। बीजेपी नेताओं ने भी उनकी आलोचना की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल के बयान पर तंज कसते हुए X पर लिखा कि उन्हें अफसोस है कि सोनिया गांधी के जीवन के इतने खास दिन पर भी राहुल उन्हें शर्मिंदगी से नहीं बचा पाए।
हिमंत ने आगे लिखा कि देश को यह बात पहले ही समझ आ गई थी और उम्मीद है कि अब सोनिया गांधी भी इसे समझ जाएंगी। उन्होंने राहुल पर निशाना साधते हुए लिखा कि यह प्रोडक्ट अब लॉन्च या री-लॉन्च किए जाने लायक नहीं रह गया है।
राजीव गांधी की हत्या के बाद बदल गई थी सोनिया गांधी की जिंदगी
किताब के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपनी मां के व्यक्तित्व में आए बदलाव का भी जिक्र किया था। उन्होंने बताया था कि पहले सोनिया गांधी बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव की थीं। हालांकि, दादी इंदिरा गांधी की हत्या और फिर पिता राजीव गांधी की हत्या के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई।
राहुल के मुताबिक, राजीव गांधी की हत्या ने सोनिया गांधी को भीतर तक प्रभावित किया। इस घटना के बाद वह पहले की तरह लोगों से मिलने-जुलने के बजाय अपने भीतर सिमट गईं। राहुल ने मां की जिंदगी के इन अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि किस तरह परिवार ने मुश्किल दौर का सामना किया।
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के बाद से ही उनके निजी जीवन और राजनीतिक सफर से जुड़े कई प्रसंग चर्चा में हैं। वहीं, किताब को लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जारी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

