By aryavartalive | Published: 22 November 2026 at 01:29 PM
समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर शनिवार को उन्हें देशभर में याद किया गया। इस मौके पर उनके बेटे और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए उनसे मिली एक ऐसी सीख साझा की, जिसे उन्होंने जिंदगी का अहम सबक बताया है।
पिता के सिद्धांतों पर चलने का दोहराया संकल्प
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर मुलायम सिंह यादव की पुरानी तस्वीर साझा करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी के समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय मूल्यों को और मजबूती से अपनाने के साथ ही जीवन के हर क्षेत्र में उन्हें आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराते हैं।
‘बुरे वक्त में किसी का साथ छोड़ना नहीं’
अखिलेश यादव ने पिता से मिली सीख का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने नेताजी से सबसे सरल लेकिन महत्वपूर्ण बात सीखी है। किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए। अगर कोई मदद की उम्मीद लेकर आए तो अपनी क्षमता के अनुसार उसकी सहायता जरूर करनी चाहिए।
विरोध करने वाले के लिए भी खुले रखने चाहिए रिश्तों के दरवाजे
सपा प्रमुख ने एक और अहम सीख साझा करते हुए कहा कि हो सकता है कोई व्यक्ति किसी वजह या दबाव में आपके खिलाफ हो गया हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह हमेशा बुरा या गलत ही रहेगा। इसलिए जब कोई सच्चे मन और बिना किसी स्वार्थ के रिश्ते सुधारने के लिए आगे आए तो उसे मौका देने में पीछे नहीं हटना चाहिए।
अखिलेश यादव की इस पोस्ट में मुलायम सिंह यादव के राजनीतिक सिद्धांतों के साथ उनके व्यक्तिगत व्यवहार और रिश्तों को लेकर मिली सीख भी सामने आई। उनकी जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों ने भी नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की और भारतीय राजनीति में उनके योगदान को याद किया।
भारतीय राजनीति में अहम रहा मुलायम सिंह यादव का योगदान
मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह ने समाजवादी पार्टी की स्थापना कर राज्य की राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। 10 अक्टूबर 2022 को उनके निधन के बाद भी प्रदेश की राजनीति में उनका नाम और उनकी विरासत चर्चा में बनी रहती है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

