By Malay Ojha | Published: 23 November 2026 at 09:54 PM
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज अचानक बंद हो गया है। करीब 90 लाख फॉलोअर्स वाले इस पेज के उपलब्ध नहीं होने से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। सपा ने इसे तकनीकी समस्या बताया है और कहा है कि मेटा (Meta) पेज को दोबारा बहाल करने में जुटा है। हालांकि, पेज के अचानक गायब होने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
90 लाख फॉलोअर्स वाले पेज पर लगा ब्रेक
अखिलेश यादव के फेसबुक पेज के सस्पेंड होने की खबर सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी ने स्थिति स्पष्ट की। पार्टी की ओर से बताया गया कि तकनीकी दिक्कत के चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक फेसबुक पेज फिलहाल उपलब्ध नहीं है। इसे जल्द से जल्द बहाल कराने के लिए मेटा से संपर्क किया गया है।
सपा ने उठाए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल
इस मामले में सपा प्रवक्ता चंचल यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक अकाउंट दिखाई नहीं देना बेहद चिंताजनक है। लोकतंत्र में विचार रखने और अपनी बात जनता तक पहुंचाने की आजादी बेहद जरूरी है। सोशल मीडिया आज राजनीतिक संवाद और जनता से जुड़ने का बड़ा माध्यम बन चुका है।
चंचल यादव ने मांग की कि फेसबुक पेज के उपलब्ध नहीं होने के पीछे की वजह सार्वजनिक की जाए। यदि अकाउंट पर किसी तरह की तकनीकी समस्या या अन्य प्रतिबंध लगाया गया है तो उसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी आवाज को मंच से दूर किया जा सकता है, लेकिन जनता के दिलों से विचारों को नहीं मिटाया जा सकता। PDA की आवाज हर हाल में बुलंद रहेगी।
सपा विधायक संतोष पांडेय ने भी उठाया मामला
अखिलेश यादव के फेसबुक पेज को लेकर सपा विधायक संतोष पांडेय ने भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक फेसबुक पेज दोबारा हटाया जाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार जैसा है। चुनाव की तारीखें नजदीक आने के दौरान ऐसी घटना का बार-बार होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
संतोष पांडेय ने मेटा और फेसबुक से अखिलेश यादव का आधिकारिक पेज तत्काल बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कोई भी साजिश उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनने से नहीं रोक सकती। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता की आवाज और उसका जनादेश ही सबसे ऊपर होगा।
अभी साफ नहीं हुई पेज बंद होने की वजह
फिलहाल अखिलेश यादव के फेसबुक पेज के अचानक उपलब्ध नहीं होने के पीछे तकनीकी गड़बड़ी है या कोई दूसरी वजह, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। समाजवादी पार्टी ने मेटा की ओर से जल्द बहाली की उम्मीद जताई है। अब देखना होगा कि करीब 90 लाख लोगों से जुड़े इस आधिकारिक पेज को कब तक दोबारा शुरू किया जाता है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

