By aryavartalive | Published: 27 November 2026 at 04:28 PM
वाराणसी में अवैध असलहा तस्करों से मुठभेड़ के दौरान तीन गोलियां लगने के बावजूद एक सिपाही ने हिम्मत नहीं हारी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उसने पुलिस टीम को तस्करों तक पहुंचने में अहम मदद की। उसकी इसी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सम्मानित किया है।
10 घंटे में पकड़े गए असलहा तस्कर
मामला 31 अक्टूबर 2026 का है। थाना लंका क्षेत्र में अवैध असलहों की तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तस्करों की घेराबंदी की थी। इस दौरान पुलिस टीम में शामिल आरक्षी अमित कुमार शुक्ला ने तस्करों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन जवाब में तस्करों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
तीन गोलियां लगने के बाद भी नहीं छोड़ा साथ
तस्करों की गोलीबारी में अमित कुमार शुक्ला को तीन गोलियां लगीं। इसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद अमित ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा और पुलिस टीम को लगातार अहम जानकारियां देते रहे।
पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
अमित कुमार शुक्ला से मिली सूचनाओं और उनके सहयोग के आधार पर लंका पुलिस ने घटना के महज 10 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में अवैध असलहा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री भी बरामद की गई।
पुलिस कमिश्नर ने प्रतीक चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
इस साहसिक कार्य के लिए पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अपने कैंप कार्यालय में आरक्षी अमित कुमार शुक्ला को प्रतीक चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने अमित के साहस, कर्तव्य के प्रति समर्पण और तत्परता की सराहना की।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि अमित कुमार शुक्ला की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा पुलिस बल के दूसरे जवानों के लिए भी प्रेरणा है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने भी अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित और साहस दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने की प्रतिबद्धता जताई है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

