By aryavartalive | Published: 27 November 2026 at 10:07 PM
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच काम की तलाश में शहरों में आने वाले मजदूरों को अब खुले आसमान के नीचे रात नहीं गुजारनी पड़ेगी। योगी सरकार 1 दिसंबर से प्रदेश के 18 शहरों में निशुल्क अस्थायी लेबर अड्डे शुरू करने जा रही है। यहां मजदूरों को रहने के लिए बिस्तर, गद्दा, तकिया, चादर और कंबल के साथ रात का खाना भी मुफ्त मिलेगा।
प्रयागराज, वाराणसी और लखनऊ समेत 18 शहरों में होगी व्यवस्था
डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत यह व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक लागू रहेगी। श्रम विभाग ने इसके लिए संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। योजना में गोरखपुर, आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, झांसी, कानपुर नगर, लखनऊ, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज, सहारनपुर, शाहजहांपुर, वाराणसी और गौतमबुद्धनगर को शामिल किया गया है।
बिना रजिस्ट्रेशन वाले मजदूरों को भी मिलेगा आश्रय
इस योजना की खास बात यह है कि लेबर अड्डे पर रुकने के लिए श्रम विभाग में पंजीकरण होना जरूरी नहीं होगा। कोई भी पात्र निर्माण श्रमिक या प्रवासी मजदूर वैध पहचान पत्र दिखाकर मुफ्त में रात गुजार सकेगा। राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लम्बर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, लोहार और टाइल्स लगाने वाले कारीगर भी इसका लाभ ले सकेंगे। केंद्रों पर श्रमिकों के तत्काल पंजीकरण और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने की व्यवस्था भी रहेगी।
रेलवे स्टेशन और मंडियों के पास बनेंगे लेबर अड्डे
मजदूरों को आसानी से सुविधा मिल सके, इसके लिए लेबर अड्डे रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, श्रमिक मंडियों, बड़े निर्माण स्थलों और औद्योगिक क्षेत्रों के आसपास बनाए जाएंगे। स्थानीय जरूरत के हिसाब से जिलाधिकारी इनकी संख्या और जगह तय करेंगे। एक केंद्र में 30 या 60 बेड की व्यवस्था हो सकेगी। महिला और पुरुष श्रमिकों के ठहरने के लिए अलग-अलग सुरक्षित इंतजाम किए जाएंगे।
कंबल के साथ रात का खाना भी मिलेगा मुफ्त
इन केंद्रों पर मजदूरों को ठंड से बचाने के लिए गद्दा, चादर, तकिया और कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा 24 घंटे साफ पीने का पानी, शौचालय और स्नानघर की सुविधा भी मिलेगी। ठंड से बचाव के लिए सुरक्षित हीटिंग का इंतजाम किया जा सकेगा। सबसे अहम बात यह है कि यहां रुकने वाले पात्र मजदूरों को रात में गर्म और पौष्टिक भोजन भी मुफ्त दिया जाएगा। भोजन पर प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये खर्च निर्धारित किया गया है।
हर जिले को 10 लाख रुपये का अग्रिम बजट
योजना के संचालन के लिए उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के उपकर कोष से बजट जारी किया गया है। सभी 18 चयनित जिलों को शुरुआती खर्च के लिए 10-10 लाख रुपये दिए गए हैं। दो महीने के संचालन के लिए 30 बेड वाले केंद्र पर 5.92 लाख रुपये और 60 बेड वाले केंद्र पर 8.32 लाख रुपये खर्च निर्धारित किए गए हैं। इसमें रहने की व्यवस्था और भोजन का खर्च शामिल है।
अधिकारियों की निगरानी में चलेंगे केंद्र
लेबर अड्डों पर सुविधाओं और भोजन की व्यवस्था में गड़बड़ी न हो, इसके लिए निगरानी की जिम्मेदारी भी तय की गई है। जिलाधिकारियों की ओर से नामित नोडल अधिकारी और श्रम विभाग के अधिकारी नियमित निरीक्षण करेंगे। मजदूरों की उपस्थिति और भोजन वितरण का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके साथ ही जियो-टैग फोटो से भी सत्यापन होगा।
हर केंद्र के बाहर एक बैनर लगाया जाएगा, जिस पर योजना का नाम, बेड की क्षमता, उपलब्ध सुविधाएं और केयरटेकर व नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर दर्ज होंगे। इससे जरूरतमंद मजदूर सीधे संपर्क कर सकेंगे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

