By Malay Ojha | Published: 27 November 2026 at 08:24 PM
टाटा ग्रुप में चेयरमैन की नियुक्ति को लेकर चल रहा विवाद अब बॉम्बे हाईकोर्ट पहुंच गया है। एन चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और टाटा संस के बोर्ड में चेयरमैन के कास्टिंग वोट के इस्तेमाल को चुनौती देने वाली दो याचिकाओं पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। कोर्ट ने टाटा ट्रस्ट्स को फिलहाल कोई अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की बोर्ड बैठक का रास्ता साफ हो गया है।
30 नवंबर की बैठक पर हाईकोर्ट ने क्या कहा?
सुनवाई के दौरान बॉम्बे हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि टाटा संस की प्रस्तावित बोर्ड बैठक पर कोई रोक नहीं लगाई जा रही है। बैठक तय कार्यक्रम के मुताबिक हो सकती है, लेकिन उसमें लिए जाने वाले फैसले हाईकोर्ट के अंतिम आदेश के अधीन रहेंगे। कोर्ट ने मामले से जुड़े पक्षों को अपना जवाब दाखिल करने के लिए समय दिया है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 21 जनवरी 2027 को होगी।
चंद्रशेखरन की नियुक्ति को लेकर क्यों छिड़ा विवाद?
दरअसल, टाटा संस के बोर्ड ने 17 सितंबर 2026 को एन चंद्रशेखरन को पांच साल के एक और कार्यकाल के लिए एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त करने का प्रस्ताव मंजूर किया था। उनका नया कार्यकाल फरवरी 2027 से शुरू होकर फरवरी 2032 तक प्रस्तावित है। यह उनका तीसरा पांच साल का कार्यकाल होगा।
इस फैसले का सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने विरोध किया है। दोनों ट्रस्टों का कहना है कि चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी देने में कंपनी के आर्टिकल ऑफ एसोसिएशन में तय नियमों का पालन नहीं किया गया।
नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन के बीच कैसे फंसा मामला?
इस पूरे विवाद की एक बड़ी वजह टाटा ट्रस्ट्स की ओर से नामित दो निदेशकों के अलग-अलग रुख हैं। बोर्ड की 17 सितंबर को हुई बैठक में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति का विरोध किया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसका समर्थन किया।
एन चंद्रशेखरन ने इस प्रस्ताव पर मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। इसके बाद बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी ने कास्टिंग वोट का इस्तेमाल किया और नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। इसी प्रक्रिया को अब टाटा ट्रस्ट्स ने अदालत में चुनौती दी है।
आर्टिकल 121 को लेकर ट्रस्ट्स की क्या दलील?
टाटा ट्रस्ट्स का कहना है कि टाटा संस के आर्टिकल 121 के तहत कुछ अहम फैसलों के लिए ट्रस्ट की ओर से नियुक्त निदेशकों के बहुमत का समर्थन जरूरी है। ट्रस्ट्स के मुताबिक, जब दोनों नामित निदेशकों के बीच ही सहमति नहीं बनी तो चेयरमैन का कास्टिंग वोट इस अनिवार्य शर्त की जगह नहीं ले सकता।
इसी आधार पर दोनों ट्रस्टों ने कोर्ट से 17 सितंबर के बोर्ड प्रस्ताव को अवैध घोषित करने और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई रोकने की मांग की है।
65 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग
इस कानूनी लड़ाई में टाटा ट्रस्ट्स ने आर्थिक हर्जाने की मांग भी की है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये, जबकि आरडी टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये हर्जाने के तौर पर मांगे हैं। दोनों ट्रस्टों ने इस रकम पर 18 फीसदी सालाना ब्याज देने की मांग भी की है।
इसके अलावा, ट्रस्ट्स ने अदालत से अनुरोध किया था कि 30 नवंबर की बोर्ड बैठक को टाल दिया जाए या फिर ऐसी व्यवस्था की जाए कि ट्रस्ट की ओर से नामित निदेशकों के बीच असहमति होने पर चेयरमैन कास्टिंग वोट का इस्तेमाल न कर सकें।
हालांकि, हाईकोर्ट ने फिलहाल इन मांगों पर कोई अंतरिम राहत नहीं दी है। ऐसे में 30 नवंबर की बैठक पर सबकी नजरें रहेंगी। इस बैठक में लिए जाने वाले फैसलों का भविष्य अब हाईकोर्ट के अंतिम फैसले से भी जुड़ा रहेगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

