By Malay Ojha | Published: 27 November 2026 at 08:31 PM
महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी दलों के बीच सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में राहुल गांधी ने साफ कर दिया कि विपक्ष परिसीमन बिल का विरोध करेगा। उन्होंने पार्टी सांसदों से कहा कि इस मुद्दे को संसद से लेकर जनता के बीच तक मजबूती से उठाना होगा। राहुल ने यह भी कहा कि बीजेपी अपने राजनीतिक फायदे के लिए परिसीमन कराना चाहती है।
इस बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने भी परिसीमन को लेकर अपनी पार्टी का रुख स्पष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा है कि डीएमके तमिलनाडु के हितों से कोई समझौता नहीं करेगी। स्टालिन ने इस मुद्दे पर दो ऐसी शर्तें रखी हैं, जिन पर पार्टी किसी भी तरह पीछे हटने को तैयार नहीं है।
राहुल गांधी बोले- डीएमके को भी साथ आना चाहिए
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस संसदीय दल की बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष को परिसीमन बिल के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। उन्होंने सांसदों से कहा कि वे जनता को बताएं कि बीजेपी इस प्रक्रिया का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए करना चाहती है। राहुल ने डीएमके से भी विपक्ष के साथ खड़े होने की अपील की।
स्टालिन ने साफ किया डीएमके का रुख
डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि परिसीमन के संभावित खतरों के खिलाफ आवाज उठाने वाली डीएमके पहली पार्टी थी। उन्होंने बताया कि चेन्नई में ही देश के अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक साथ आकर निष्पक्ष परिसीमन की मांग उठाई थी।
परिसीमन पर स्टालिन की दो शर्तें, कांग्रेस को भी सुनाई खरी-खरी
डीएमके प्रमुख ने अपनी पोस्ट में साफ कहा कि अगर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है तो तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 फीसदी हिस्सेदारी किसी भी कीमत पर कम नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा राज्यों के बीच संसदीय सीटों का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर अगले 25 साल तक बरकरार रखा जाए।
25 साल तक नहीं बदले राज्यों की हिस्सेदारी
स्टालिन ने कहा कि उनकी ये दोनों मांगें तमिलनाडु विधानसभा में पारित प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन को लेकर बनी संयुक्त कार्य समिति की बैठक में लिए गए फैसलों के अनुरूप हैं। डीएमके इन मांगों पर कायम है और किसी भी तरह के समझौते का सवाल नहीं उठता।
कांग्रेस पर इशारों में साधा निशाना
डीएमके प्रमुख ने अपने पोस्ट में राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मीडिया में चल रही अटकलें और पीठ पीछे की जा रही टिप्पणियां पार्टी के रुख को नहीं बदल सकतीं। स्टालिन ने उन लोगों पर भी तंज कसा, जिनके बारे में उनका आरोप है कि उन्होंने सत्ता के पदों के लिए अपने सिद्धांतों को छोड़ दिया।
हालांकि स्टालिन ने किसी पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को कांग्रेस के साथ डीएमके के रिश्तों में आई तल्खी से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि तमिलनाडु के हितों और पार्टी के सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं होगा।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र
महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक बुलाया गया है। इस दौरान लोकसभा की सीटें बढ़ाने और महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया को लेकर सरकार की तैयारी अहम रहने वाली है।
कांग्रेस और कई विपक्षी दल परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों का विरोध कर रहे हैं। वहीं, डीएमके ने अपनी दो शर्तें सामने रखकर फिलहाल अपना रुख स्पष्ट किया है। पार्टी की ओर से विधेयक के समर्थन या विरोध पर अंतिम फैसला उसके प्रावधानों को देखने के बाद ही स्पष्ट होगा। ऐसे में विशेष सत्र में विपक्षी एकजुटता और क्षेत्रीय दलों का रुख सरकार के लिए अहम साबित हो सकता है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

