By Malay Ojha | Published: 27 November 2026 at 08:41 PM
फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चल रहे विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। फिल्म में रामायण से जुड़े तथ्यों को गलत तरीके से दिखाने का आरोप लगाते हुए अदालत में याचिका दाखिल की गई थी। इसमें केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) की ओर से फिल्म को दिए गए सर्टिफिकेट को भी चुनौती दी गई थी।
शुक्रवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के सामने याचिकाकर्ता ने मामले पर जल्द सुनवाई की मांग रखी। हालांकि, अदालत ने इसे तत्काल सुनने से इनकार कर दिया। सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने भी याचिका पर सवाल उठाते हुए याचिकाकर्ता को अपनी समझ के मुताबिक फिल्म बनाने की सलाह दी।
‘आप अपनी समझ से फिल्म बनाइए’, सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी
याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील ने पीठ को बताया कि याचिका 23 नवंबर को रजिस्टर्ड हो चुकी है, लेकिन अभी तक सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं की गई है। इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा कि फिल्म रिलीज हो चुकी है और जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख भी चुके हैं।
जस्टिस बागची ने याचिका की जरूरत पर उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने कहा कि फिल्म बनाने वालों ने अपनी समझ के मुताबिक कहानी पेश की है। अगर याचिकाकर्ता का रामायण को लेकर अलग नजरिया है तो वह उस पर अपनी फिल्म बना सकते हैं। अदालत ने टिप्पणी की, “उन्होंने अपनी समझ के मुताबिक फिल्म बनाई है, आप अपनी समझ के मुताबिक फिल्म बनाइए। अदालत का समय बर्बाद मत कीजिए।”
अदालत की इस टिप्पणी के बाद फिल्म के खिलाफ तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की गई।
किसने दाखिल की है याचिका?
यह याचिका मनोज सिंह ठाकुर की ओर से दायर की गई है। इसमें आरोप लगाया गया है कि फिल्म में रामायण से जुड़े कुछ तथ्यों को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं किया गया है। याचिकाकर्ता ने CBFC की ओर से जारी प्रमाणपत्र को चुनौती देते हुए इस मामले में अदालत से हस्तक्षेप की मांग की थी।
फिल्म से जुड़े इन लोगों को बनाया गया प्रतिवादी
याचिका में फिल्म के निर्माण और उससे जुड़े कई प्रमुख लोगों तथा संस्थाओं को प्रतिवादी बनाया गया है। इनमें प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस, निर्माता नमित मल्होत्रा, अभिनेता यश, निर्देशक नितेश तिवारी, पटकथा लेखक श्रीधर राघवन और संवाद लेखक श्रेयस जैन के नाम शामिल हैं।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार कर दिया है। ऐसे में फिल्म को दिए गए CBFC सर्टिफिकेट को चुनौती देने वाले इस मामले में आगे की सुनवाई का इंतजार रहेगा।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

