By Malay Ojha | Published: 14 July 2026 at 10:04 PM
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव अब सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं रह गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। हालांकि इस सूची से कई बड़े राष्ट्रीय और बिहार के चर्चित नेताओं का नाम गायब है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार की रणनीति पूरी तरह तैयार कर ली है। पार्टी की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से लेकर कई केंद्रीय मंत्री, बिहार सरकार के मंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी का लक्ष्य चुनाव प्रचार को बूथ स्तर तक पहुंचाना है ताकि उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में माहौल मजबूत किया जा सके।
इन नेताओं को मिली प्रचार की जिम्मेदारी
जारी सूची में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, विनोद तावड़े, दीपक प्रकाश, नित्यानंद राय, गिरिराज सिंह, राधा मोहन सिंह, डॉ. संजय जायसवाल, रविशंकर प्रसाद, राज भूषण चौधरी, दिलीप जायसवाल, अश्विनी कुमार चौबे, विजय कुमार सिन्हा, रामकृपाल यादव, रेणु देवी, संजीव चौरसिया और पवन सिंह समेत कुल 40 नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। ये सभी अलग-अलग चरणों में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाएं और जनसंपर्क अभियान चलाएंगे।
सूची से कई बड़े नाम गायब, बढ़ी चर्चा
स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे अधिक चर्चा उन नेताओं की हो रही है, जिनके नाम इसमें शामिल नहीं किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस बार प्रचारकों की सूची में जगह नहीं मिली है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे संकेत मिलता है कि पार्टी इस उपचुनाव में राज्य नेतृत्व और स्थानीय संगठन के दम पर चुनावी मुकाबला लड़ना चाहती है।
बिहार के कई चर्चित नेता भी नहीं बने स्टार प्रचारक
सिर्फ राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ही नहीं, बल्कि बिहार के कुछ प्रभावशाली नेताओं को भी इस सूची से बाहर रखा गया है। उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह, नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन का नाम भी स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं है। इनमें दो नेता बिहार सरकार में मंत्री हैं, जबकि शाहनवाज हुसैन लंबे समय से भाजपा के प्रमुख मुस्लिम चेहरों में गिने जाते रहे हैं। ऐसे में इन नामों की अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
कलाकारों पर भी भाजपा का भरोसा
भाजपा ने चुनाव प्रचार में जनसंपर्क को और प्रभावी बनाने के लिए लोकप्रिय कलाकारों को भी मैदान में उतारा है। सूची में सांसद और भोजपुरी गायक मनोज तिवारी, अभिनेता एवं गायक पवन सिंह तथा लोकगायिका मैथिली ठाकुर को भी स्टार प्रचारक बनाया गया है। पार्टी का मानना है कि इन लोकप्रिय चेहरों के जरिए युवा और आम मतदाताओं तक आसानी से पहुंच बनाई जा सकती है।
आठ मंत्री और चार केंद्रीय मंत्री करेंगे प्रचार
जारी सूची के अनुसार बिहार सरकार के आठ मंत्री और केंद्र सरकार के चार मंत्री चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। इनके अलावा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और सांसद भी विभिन्न इलाकों में सभाएं करेंगे। भाजपा इस उपचुनाव को पूरी गंभीरता से लेते हुए कोई कसर छोड़ने के मूड में नहीं दिख रही है।
दिलचस्प होगा मुकाबला
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा का मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल की प्रत्याशी रेखा गुप्ता और जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से है। त्रिकोणीय मुकाबले की वजह से यह चुनाव राज्य की राजनीति में खास महत्व रखता है। मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 3 अगस्त को कराई जाएगी। अब सभी दलों की नजर चुनाव प्रचार के अंतिम चरण और मतदाताओं के रुख पर टिकी हुई है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

