By aryavartalive | Published: 04 October 2026 at 12:30 PM
हरतालिका तीज के मौके पर भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में भक्ति और लोक रंग से जुड़ा नया गीत रिलीज हुआ है। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी ने अभिनेता राकेश मिश्रा और अभिनेत्री ऋतु सिंह पर फिल्माया गया तीज स्पेशल गीत ‘बानी उपवास कइनी तीज के वरतिया’ जारी किया है। रिलीज के बाद यह गीत भोजपुरी संगीत प्रेमियों के बीच चर्चा में है।
यह गीत भोजपुरी फिल्म ‘भाई भाई के प्यार’ का हिस्सा है। वीडियो में राकेश मिश्रा और ऋतु सिंह पारंपरिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। गीत को गायिका खुशबू जैन ने आवाज दी है। गीत के जरिए हरतालिका तीज की पूजा, व्रत और पति-पत्नी के रिश्ते से जुड़ी भावनाओं को सामने लाने की कोशिश की गई है।
शिव-पार्वती की भक्ति से जुड़ा गीत
हरतालिका तीज पर महिलाएं पति की लंबी उम्र और परिवार की खुशहाली की कामना के लिए व्रत रखती हैं। इसी धार्मिक और पारंपरिक भाव को गीत में जगह दी गई है। इसमें शिव-पार्वती की भक्ति के साथ तीज के लोक रंग और दांपत्य जीवन से जुड़ी भावनाएं भी दिखाई देती हैं।
रत्नाकर कुमार ने बताया खास
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के एमडी रत्नाकर कुमार ने कहा कि इस गीत में भक्ति और श्रद्धा के साथ पूर्वांचल और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं की झलक मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीज के मौके पर रिलीज हुआ यह गीत भोजपुरी दर्शकों और व्रत रखने वाली महिलाओं को पसंद आएगा।
राकेश मिश्रा बोले- यादगार रहा अनुभव
राकेश मिश्रा ने गीत को अपने लिए खास बताया। उन्होंने कहा कि फिल्म में ऋतु सिंह के साथ पारंपरिक भारतीय परिधान में काम करने का अनुभव यादगार रहा। उन्होंने गीत को पसंद करने के लिए दर्शकों और श्रोताओं का आभार जताया।
‘भाई भाई के प्यार’ में कई कलाकार
‘भाई भाई के प्यार’ का निर्माण लीजेंड फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। फिल्म के निर्माता विक्रम मेहरोत्रा, निर्देशक रंगलाल आर. निषाद और लेखिका विंध्या शुक्ला हैं। फिल्म में राकेश मिश्रा और ऋतु सिंह के अलावा समर्थ चतुर्वेदी, मनोज मिश्रा शांडिल्य, बीरेंद्र सिंह, राकेश तिवारी, विंध्या शुक्ला, लक्ष्मी सिंह, पानमती शर्मा और ग्लोरी महंता भी अहम भूमिकाओं में हैं।
इन कलाकारों ने तैयार किया संगीत
फिल्म के गीत प्यारेलाल यादव कवि, रामनिवास राज बिंद और शेखर मधुर ने लिखे हैं। संगीत स्वर्गीय धनंजय मिश्रा का है, जबकि कानू मुखर्जी ने कोरियोग्राफी की है। फिल्म के म्यूजिक राइट्स वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के पास हैं। तीज स्पेशल गीत कंपनी के आधिकारिक YouTube चैनल पर उपलब्ध है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

