By Malay Ojha | Published: 06 October 2026 at 12:48 PM
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मंगलवार को सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। गुवाहाटी में BCCI की रिव्यू मीटिंग के ठीक एक दिन बाद आए इस फैसले ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया। हरमनप्रीत ने साफ किया है कि वह क्रिकेट खेलना जारी रखेंगी और अब बतौर खिलाड़ी टीम के साथ रहेंगी।
हरमनप्रीत ने इंस्टाग्राम पर भावुक पोस्ट के जरिए कप्तानी छोड़ने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि यह फैसला आसान नहीं था और इसमें कई सालों की यादें, भावनाएं और त्याग जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि कप्तानी खत्म हुई है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के साथ उनका सफर जारी रहेगा।
गुवाहाटी में हुई थी BCCI की रिव्यू मीटिंग
सोमवार को गुवाहाटी में भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन और आगे की रणनीति को लेकर BCCI की रिव्यू मीटिंग हुई थी। बैठक में हरमनप्रीत के अलावा उपकप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार भी मौजूद थे। इसके अगले ही दिन हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने का फैसला सार्वजनिक किया।
विश्व कप जिताने वाली कप्तान
हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने पिछले साल अपना पहला वनडे विश्व कप खिताब जीता था। वह भारत की पहली महिला कप्तान बनीं, जिनके नेतृत्व में टीम ने सीनियर ICC विश्व कप जीता। हाल में उनकी कप्तानी में भारत ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक भी जीता।
2016 में संभाली थी T20 की कमान
हरमनप्रीत ने 2016 में भारतीय T20 टीम की कप्तानी संभाली थी। 2022 में मिताली राज के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा होने के बाद उन्हें वनडे और टेस्ट टीम की पूर्णकालिक कप्तानी मिली। 2023 में वह तीनों फॉर्मेट की कप्तान बनीं।
अब किसे मिल सकती है कप्तानी?
हरमनप्रीत के बाद अगली कप्तान को लेकर स्मृति मंधाना का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। वह टीम की उपकप्तान रही हैं और लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रही हैं। हालांकि, BCCI ने अभी नई कप्तान के नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
स्मृति का शानदार अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड
स्मृति मंधाना ने 2013 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक उन्होंने 120 वनडे में 5411 रन, 179 T20 इंटरनेशनल में 4867 रन और 9 टेस्ट में 788 रन बनाए हैं। वनडे में उनके नाम 14 शतक और 35 अर्धशतक हैं।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

