By Malay Ojha | Published: 21 November 2026 at 12:17 PM
ऋषिकेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देने के लिए उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। मां के पार्थिव शरीर को देखते ही वह भावुक हो गए। काफी देर तक खुद को संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने रूमाल से अपनी आंखें पोंछीं और मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान वह कुछ देर तक मां के सामने मौन खड़े रहे।
मां को देखते ही भावुक हुए मुख्यमंत्री
शुक्रवार शाम करीब 4 बजकर 55 मिनट पर योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक आवास पहुंचे। घर में मां का पार्थिव शरीर देखकर वह कुछ पल के लिए ठहर गए। उन्होंने मां को श्रद्धांजलि देने के बाद काफी देर तक उन्हें निहारा। मुख्यमंत्री की नम आंखें देखकर वहां मौजूद परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें भी भर आईं।
परिजनों से मां के आखिरी दिनों का हाल जाना
मां को अंतिम विदाई देने के दौरान योगी आदित्यनाथ कई बार भावुक नजर आए। उन्होंने परिजनों से मां की तबीयत के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि सावित्री देवी की तबीयत कब से खराब थी और आखिरी दिनों में उन्हें किन परेशानियों का सामना करना पड़ा। मां के स्वास्थ्य और उनके अंतिम दिनों से जुड़ी बातें सुनते समय घर का माहौल बेहद गमगीन रहा।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़े ग्रामीण और रिश्तेदार
मुख्यमंत्री के पंचूर पहुंचने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक आवास पहुंचने लगे। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों के अलावा आसपास के गांवों तथा दूर-दराज से आए लोगों ने भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक रेणु बिष्ट और बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
निषाद पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी पंचूर पहुंचे। उन्होंने सावित्री देवी के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।
संन्यास के बाद भी मां से नहीं टूटा था योगी का रिश्ता
योगी आदित्यनाथ ने संन्यास लेने के बाद पारिवारिक और सांसारिक जीवन से दूरी बना ली थी, लेकिन मां के प्रति उनका लगाव हमेशा बना रहा। मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में वह पहली बार अपनी मां से मिलने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था।
मां से मिलने के लिए वह समय-समय पर गांव जाते रहे। इसी महीने भी उनके पंचूर आने की योजना थी। हालांकि, मां की तबीयत खराब होने के कारण परिवार के लोगों से फोन पर उनका लगातार संपर्क बना हुआ था।
मां की तबीयत बिगड़ने पर एम्स भी पहुंचे थे योगी
सावित्री देवी की तबीयत खराब होने पर उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। मई 2024 में उन्हें ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। 16 मई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 14 जून को दोबारा भर्ती कराया गया। मां के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर योगी आदित्यनाथ 16 जून 2024 को उनसे मिलने एम्स पहुंचे थे।
इसके बाद 10 अक्टूबर 2024 को तबीयत बिगड़ने पर सावित्री देवी को जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय भी योगी उनसे मिलने पहुंचे थे। उनकी बहन शशि पयाल के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से मां की तबीयत ज्यादा खराब थी। इस वजह से वह फोन पर भी बात नहीं कर पा रही थीं। हालांकि, योगी अपने भाइयों के संपर्क में रहकर मां का हालचाल लेते रहते थे।
संन्यास के बाद मां से ली थी पहली भिक्षा
योगी आदित्यनाथ और उनकी मां के रिश्ते से जुड़ा एक भावुक प्रसंग वर्ष 1998 का भी है। संन्यास लेने के करीब चार साल बाद जब वह पंचूर पहुंचे थे, तब परंपरा के अनुसार उन्होंने अपनी मां से पहली भिक्षा ली थी। सावित्री देवी ने उन्हें फल, चावल और कुछ पैसे दिए थे।
योगी की बहन शशि पयाल के मुताबिक, उस समय भिक्षा देने के दौरान मां के साथ परिवार के दूसरे सदस्य भी रो पड़े थे। योगी आदित्यनाथ की आंखें भी नम थीं। संन्यास के बाद जीवन की राह बदल गई, लेकिन मां के प्रति उनका स्नेह कभी कम नहीं हुआ। पंचूर में मां को अंतिम विदाई देते समय उनकी आंखों से छलके आंसू इसी रिश्ते की भावुक तस्वीर बयां कर गए।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

