By Malay Ojha | Published: 06 October 2026 at 01:58 PM
पटना के बिक्रम थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक महिला पुलिसकर्मी के पति ने कथित तौर पर सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वह कमरे में गंभीर हालत में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना बिक्रम बाजार स्थित एक किराये के मकान की है। यहां महिला सिपाही श्रुति कुमारी अपने पति राज आर्य के साथ रहती थीं। सोमवार शाम करीब छह बजे अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। आवाज सुनकर मकान मालिक और आसपास के लोग कमरे की तरफ पहुंचे।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
कमरे में राज आर्य घायल हालत में मिले। उनके सिर में गोली लगी थी। लोगों ने तत्काल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पटना एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सर्विस रिवॉल्वर से गोली चलने की बात
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर में रखे सर्विस रिवॉल्वर से गोली चली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई
पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार विवाद के बाद राज आर्य ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। हालांकि घटना की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एक साल से किराये के मकान में रह रहे थे
जानकारी के मुताबिक श्रुति कुमारी 112 टीम में महिला सिपाही के पद पर तैनात हैं। राज आर्य और श्रुति की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। दोनों पिछले करीब एक साल से बिक्रम बाजार में राम पुकार सिंह के किराये के मकान में रह रहे थे।
घटना से तीन दिन पहले घर आया था पति
बताया जा रहा है कि राज आर्य अक्सर घर पर नहीं रहते थे। घटना से करीब तीन दिन पहले ही वह घर आए थे। सोमवार की शाम दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद यह घटना हुई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी के आधार पर मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

