By Malay Ojha | Published: 06 October 2026 at 02:12 PM
पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में 7 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। भाजपा की प्रदेश महासचिव और कार्यक्रम की संयोजक प्रीति शेखर के मुताबिक सभा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की तैयारी है।
प्रीति शेखर ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, सरकार के अन्य मंत्री, भाजपा के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद विकसित भारत के निर्माण को लेकर सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
भाजपा नेता के मुताबिक सभा में वर्ष 2047 तक भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर और मजबूत राष्ट्र बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं है, बल्कि इसमें देश के हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
सभा के बाद निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा
संकल्प सभा के बाद ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। प्रीति शेखर ने बताया कि इसके लिए मीठापुर ब्रिज का नामकरण ‘सेवा ज्योति चौक’ किया गया है। यहीं से यात्रा शुरू होकर शहर के कई प्रमुख इलाकों से गुजरेगी।
इन इलाकों से होकर जाएगी यात्रा
भाजपा के अनुसार सेवा ज्योति यात्रा तारामंडल, हड़ताली मोड़, गांधी मैदान, इस्कॉन टेंपल और आर ब्लॉक होते हुए आगे जाएगी। पार्टी का कहना है कि यात्रा के जरिए सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
हर वर्ग की भागीदारी पर जोर
प्रीति शेखर ने कहा कि देश को विकसित बनाने के लक्ष्य में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उनके मुताबिक नागरिकों को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना इस अभियान का अहम हिस्सा है।
कार्यकर्ताओं और लोगों से अपील
भाजपा नेता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इस लक्ष्य के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

