By Malay Ojha | Published: 13 October 2026 at 05:47 PM
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नालंदा के बिहारशरीफ में आयोजित चुनावी सभा में एनडीए की एकजुटता का संदेश दिया। श्रम मैदान में हुई सभा के दौरान उन्होंने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव को जिताने की अपील की। उन्होंने स्नातक और शिक्षक मतदाताओं से दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुट होने का आह्वान किया।
संजय सरावगी ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में शिक्षक और स्नातक मतदाताओं की भूमिका अहम है। उनके पास अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर है। उन्होंने नीरज कुमार को एनडीए के प्रति समर्पित नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का साथ नहीं छोड़ा। वहीं, नवल किशोर यादव ने शिक्षक हितों के मुद्दों को सरकार के सामने मजबूती से रखा है।
23 हजार करोड़ से 3.47 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा बिहार का बजट
सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2005 में राज्य का बजट करीब 23 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 3.47 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि उस समय बिहार में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या सीमित थी। अस्पतालों में डॉक्टरों और दवाओं की कमी थी, जबकि स्कूलों में भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव था।
विकास और शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव का दावा
सरावगी ने कहा कि एनडीए सरकार के कार्यकाल में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में विस्तार हुआ है। राज्य में मेडिकल कॉलेजों, पॉलिटेक्निक और आईटीआई संस्थानों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि और बिहार की 13.1 प्रतिशत आर्थिक विकास दर का हवाला देते हुए इसे राज्य की प्रगति का संकेत बताया।
PM मोदी और नीतीश सरकार की योजनाएं गिनाईं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और श्रमिकों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने को भी अहम कदम बताया। सरावगी ने कहा कि बिहार में एनडीए एकजुट होकर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर शिक्षक और स्नातक मतदाताओं से संपर्क करने की अपील की।
चुनावी सभा में एनडीए के कई नेता रहे मौजूद
सभा में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, मंत्री निशांत कुमार, जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार, प्रमोद चंद्रवंशी और दीपक प्रकाश सहित एनडीए के कई नेता शामिल हुए। लोजपा (रामविलास) के सांसद अरुण भारती समेत विभिन्न सहयोगी दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
पावापुरी में पूर्व एमएलसी को दी श्रद्धांजलि
बिहारशरीफ में सभा से पहले संजय सरावगी ने पावापुरी के पोखरपुर में पूर्व विधान परिषद सदस्य स्वर्गीय कपिलदेव प्रसाद सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार सहित पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

