By Malay Ojha | Published: 14 October 2026 at 05:44 PM
वाराणसी में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा पुलिस ने 31.275 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया और गांजा ले जाने में इस्तेमाल महिंद्रा वीरो चार पहिया वाहन को भी जब्त कर लिया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर को ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत यह कार्रवाई सिगरा थाना क्षेत्र के पचपेड़वा स्थित लोहे की पुरानी पानी की टंकी के पास की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज किशोर गोंड (27) के रूप में हुई है। वह बिहार के बक्सर जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के नवाडेरा गांव का रहने वाला है।
30 पैकेट में मिला 31 किलो से ज्यादा गांजा
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के 30 पैकेट बरामद किए। इनका कुल वजन 31.275 किलोग्राम है। गांजे के अलावा मौके से एक महिंद्रा वीरो वाहन, 1,400 रुपये नकद, एक कीपैड मोबाइल फोन और पशु आहार की 10 बोरियां भी मिली हैं।
NDPS एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में सिगरा थाने में मुकदमा संख्या 0431/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सिगरा थाना प्रभारी के नेतृत्व में चली कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस टीम का नेतृत्व सिगरा थाना प्रभारी शिवाकान्त मिश्र ने किया। टीम में उपनिरीक्षक शिवम मिश्रा, रोहित त्रिपाठी, सुधीर कुमार अग्रहरी, अंकित कुमार राय, शुभेन्दु दीक्षित और दुर्गा प्रसाद के साथ हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, ब्रह्मदेव सिंह तथा आरक्षी नागेन्द्र सिंह और प्रदीप कुमार शामिल रहे।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

