By Malay Ojha | Published: 16 November 2026 at 10:30 PM
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में 13 साल की किशोरी को घर से बुलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को जक्खिनी पोखरा के पास से पकड़ा। उसके साथ मौजूद किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप (19) पुत्र पप्पू के रूप में हुई है। वह सारनाथ थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ राजातालाब थाने में दर्ज मुकदमे में कार्रवाई की जा रही थी।
भोर में फोन कर किशोरी को घर से बुलाया
पुलिस के अनुसार, किशोरी की मां ने राजातालाब थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 नवंबर 2026 की सुबह करीब 4 बजे संदीप ने उनकी 13 वर्षीय बेटी को फोन करके घर से बाहर बुलाया। आरोप है कि इसके बाद उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
काफी तलाश के बाद भी जब किशोरी का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। तहरीर के आधार पर राजातालाब थाने में मुकदमा संख्या 213/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) और 87 में केस दर्ज किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की गिरफ्तारी
किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जक्खिनी पोखरा के पास मौजूद है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदीप को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में राजातालाब थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, जक्खिनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह, कांस्टेबल राजू सोनकर और महिला आरक्षी प्रीति शाह शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

