By Malay Ojha | Published: 06 November 2026 at 11:14 PM
पटना के मनेर में शुक्रवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत हो गई। करीब 20 मिनट तक चली गोलीबारी में दोनों तरफ से 42 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मौके से एक देसी पिस्तौल और दो कट्टे बरामद किए हैं।
तीन मौतों के बाद एनकाउंटर पर सवाल
मुठभेड़ में मारे गए लोगों की पहचान राजा शर्मा, बबलू कुमार और जेपी यादव के रूप में हुई है। पटना पुलिस का दावा है कि तीनों पेशेवर शूटर थे और मनेर में पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। हालांकि, मृतकों के परिजन पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि तीनों का पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड से कोई लेना-देना नहीं था और पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर किया है।
सुबह 4:30 बजे मिली थी अपराधियों की सूचना
पटना के एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4:30 बजे एसटीएफ और जिला पुलिस को सूचना मिली कि मनेर के शेरपुर इलाके में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को देखते ही शुरू हुई फायरिंग
एसएसपी के अनुसार, पुलिस टीम को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से लगातार गोलियां चलाई जा रही थीं। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलीबारी शुरू कर दी। करीब 20 मिनट तक दोनों तरफ से फायरिंग होती रही। पुलिस का दावा है कि इस दौरान अपराधियों ने 24 राउंड और पुलिस ने 18 राउंड गोलियां चलाईं। यानी मुठभेड़ में कुल 42 राउंड फायरिंग हुई।
मनेर थानाध्यक्ष को लगी गोली
गोलीबारी के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार भी घायल हो गए। बदमाशों की ओर से चलाई गई एक गोली उनके बाजू में लगी और आर-पार निकल गई। एसएसपी ने बताया कि फायरिंग बंद होने के बाद पुलिस टीम सावधानी से आगे बढ़ी। वहां तीन लोग घायल अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पैक्स अध्यक्ष की हत्या से जुड़ रहे तार
पुलिस के मुताबिक, मारे गए तीनों लोगों का आपराधिक इतिहास रहा है। ये मनेर थाना क्षेत्र में 19 अक्टूबर की रात हुई पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या के मामले में फरार चल रहे थे। पुलिस इन्हें पेशेवर शूटर बता रही है और लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
दो बाइक से पहुंचे थे चार नकाबपोश हमलावर
पैक्स अध्यक्ष की हत्या 19 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे मनेर थाना क्षेत्र के व्यासपुर में हुई थी। उस समय संजीत कुमार और प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार अपने घर के दलान पर बैठे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार चार नकाबपोश हमलावर वहां पहुंचे और दोनों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
हमलावरों ने मौके पर करीब एक दर्जन गोलियां चलाई थीं। गोली लगने से संजीत कुमार और पिंटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान संजीत कुमार उर्फ भोलू की मौत हो गई थी। इस हत्याकांड के पीछे चुनावी रंजिश की बात सामने आई थी।
पोस्टमार्टम की होगी वीडियोग्राफी
मुठभेड़ में मारे गए तीनों लोगों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पटना एसएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल और दो देसी कट्टे बरामद करने की बात कही है।
अस्पताल में परिजनों और पुलिस के बीच हाथापाई
तीनों की मौत की खबर मिलने के बाद दानापुर अनुमंडल अस्पताल में तनाव की स्थिति बन गई। वहां पहुंचे परिजनों और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर हाथापाई हुई। हालात बिगड़ते देख दानापुर एएसपी अजित कुमार समेत कई थानों की पुलिस अस्पताल पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
मृतक के भाई ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मुठभेड़ में मारे गए जेपी यादव के भाई राम आशीष यादव ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताया। उनका दावा है कि तीनों लोग पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में नामजद नहीं थे और इस वारदात से उनका कोई संबंध नहीं था।
राम आशीष यादव ने आरोप लगाया कि पुलिस ने जबरन एनकाउंटर किया है और इस मामले में पुलिस प्रशासन के खिलाफ केस दर्ज होना चाहिए। वहीं, पुलिस का दावा है कि तीनों अपराधी पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में शामिल थे और लंबे समय से उनकी तलाश की जा रही थी।
इस तरह मनेर में तीन लोगों की मौत के बाद अब पुलिस के एनकाउंटर के दावे और परिजनों के आरोपों के बीच मामला गरमा गया है।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

