By Malay Ojha | Published: 15 October 2026 at 06:32 PM
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बिहार प्रदेश कार्यालय में बुधवार को पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती मनाई गई। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में डॉ. कलाम के वैज्ञानिक योगदान, सादगी और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाले विचारों को याद किया गया। इस दौरान शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
संजय सरावगी ने डॉ. कलाम के योगदान को किया याद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और मेहनत की मिसाल है। विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान ने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन सिखाता है कि ज्ञान, मेहनत और मजबूत इरादों से बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
युवाओं को बड़े सपने देखने की प्रेरणा देते रहेंगे कलाम
संजय सरावगी ने कहा कि डॉ. कलाम ने देश के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करने की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का संदेश देते हैं। उनके आदर्शों को अपनाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए पुष्प
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक, मो. नूर आलम, तुफैल कादरी, दिलशाद अली और प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
नजमा अजीम का हुआ स्वागत
छत्तीसगढ़ से बिहार पहुंचीं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और बिहार प्रभारी नजमा अजीम का प्रदेश अध्यक्ष मोहिबुल हक तथा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान अरसी अजीज, मो. कुर्बान, फरहान नसीम, मुजफ्फर इमरान, मुन्नी खातून, जुलेखा खातून, फिरोज अनवर, नेयाज अंसारी, मो. शाकिर, मुन्ना वारसी, फिरोज सकरी, राजन शाह, त्रिलोकी सिंह और सद्दाम समेत कई लोग उपस्थित रहे।
शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर जोर
कार्यक्रम में शिक्षकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि डॉ. कलाम के विचार समाज के हर वर्ग को प्रेरित करते हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर वैज्ञानिक सोच, राष्ट्रीय एकता और विकास की भावना को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्रहित में योगदान देने और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
Aryavarta Live के WhatsApp Channel से जुड़ें और हर महत्वपूर्ण अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
WhatsApp चैनल जॉइन करें

